विजयनगरम : उत्तर आंध्र में अगले रबी सीजन से गन्ने की खेती का रकबा और घटने की आशंका है। क्षेत्र की तीन चीनी मिलें पहले ही बंद हो चुकी हैं, जबकि एक अन्य प्रमुख मिल आगामी सीजन में गन्ने की पेराई बंद करने पर विचार कर रही है। ऐसे में विजयनगरम, पार्वतीपुरम और श्रीकाकुलम जिलों के किसानों के सामने गन्ना बेचने के विकल्प सीमित हो सकते हैं। इसके चलते कई किसान दूसरी फसलों की ओर रुख करने पर विचार कर रहे हैं। विजयनगरम जिले में गन्ने का रकबा कुछ वर्ष पहले करीब 35,000 एकड़ था, जो अब घटकर लगभग 3,500 एकड़ रह गया है। इसी तरह श्रीकाकुलम जिले में गन्ने की खेती का क्षेत्र करीब 50,000 एकड़ से घटकर 5,000 एकड़ के आसपास रह गया है।
तीन चीनी मिलें पहले ही बंद
विजयनगरम जिले के जामी मंडल स्थित भीमसिंगी की श्री विजयरामा गजपति सहकारी चीनी मिल ने वर्ष 2019 में परिचालन बंद कर दिया था। वर्ष 1960 में स्थापित इस मिल को गन्ने की अपर्याप्त उपलब्धता, लगातार हो रहे वित्तीय घाटे और एथेनॉल सहित मूल्यवर्धित उत्पादों के उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक के अभाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। पार्वतीपुरम जिले के सीतानगरम मंडल स्थित लच्चय्यापेटा की एक अन्य सहकारी चीनी मिल की स्थापना 1995 में हुई थी।
वर्ष 2002 से 2020 तक एनसीएस समूह द्वारा संचालित इस मिल ने लगातार घाटे के बाद करीब पांच वर्ष पहले गन्ने की पेराई बंद कर दी। श्रीकाकुलम जिले की अमदलावलसा चीनी मिल की स्थापना 1953 में हुई थी, लेकिन वर्ष 2003 में इसका परिचालन बंद हो गया। चुनावी अभियानों के दौरान इस मिल को दोबारा शुरू करने का मुद्दा कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक इसके पुनरुद्धार की योजना साकार नहीं हो सकी है।
संकिली चीनी मिल पर किसानों की निर्भरता
क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए विजयनगरम जिले के रेगिडी अमदलावलसा क्षेत्र स्थित संकिली की निजी चीनी मिल लंबे समय से महत्वपूर्ण सहारा रही है। ई.आई.डी. पैरी इंडिया लिमिटेड द्वारा संचालित यह मिल पिछले करीब दो दशकों से गन्ने की पेराई कर रही है। हालांकि, कंपनी ने किसानों को सूचित किया है कि वह अगले सीजन से गन्ने की पेराई नहीं कर सकती है। इससे इस मिल पर निर्भर हजारों गन्ना उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है।
संकिली चक्केरा परिश्रम संरक्षण समिति के अध्यक्ष बुदिति अप्पला नायडू ने विजयनगरम के संयुक्त कलेक्टर एस. सेधु माधवन को ज्ञापन सौंपकर मिल को बचाने के लिए सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मिल से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। लोक सत्ता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भिसेट्टी बाबजी ने भी एमएसएमई मंत्री कोंडापल्ली श्रीनिवास और कलेक्टर एस. रामसुंदर रेड्डी से मुलाकात कर भीमसिंगी चीनी मिल के आधुनिकीकरण के लिए कदम उठाने की मांग की।
बाबजी ने कहा कि, कृषि आधारित उद्योगों के बंद होने से मिल के आसपास स्थित सैकड़ों गांवों में आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य बड़े उद्योग नहीं होने के कारण सरकार को सभी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के लिए कदम उठाने चाहिए। तीन चीनी मिलों के बंद होने और संकिली मिल के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच उत्तर आंध्र के किसान अगले रबी सीजन से गन्ने की खेती को लेकर नए सिरे से विचार कर सकते हैं। इससे क्षेत्र में गन्ने के कुल रकबे में और कमी आने की संभावना है।


















