उत्तर प्रदेश : छह साल पुराने बकाये को लेकर किसानों का गडौरा चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति रोकने का ऐलान

महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में किसानों ने वर्ष 2020-21 के पेराई सत्र से कथित रूप से लंबित गन्ना भुगतान को लेकर गडौरा चीनी मिल को आगामी पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति रोकने की चेतावनी दी है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, यह विवाद सिसवा और निचलौल क्षेत्र के किसानों द्वारा गन्ने की आपूर्ति से जुड़ा है। मामला बिहार के बगहा जिले के बालुआ बिहार के नाम आवंटित गन्ने से संबंधित है। किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी फसल गडौरा चीनी मिल को पहुंचाई थी, लेकिन करीब छह साल बीत जाने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला है।

जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह यादव ने बताया कि, मामला 2020-21 के पेराई सत्र का है, उस समय वे वर्तमान पद पर नहीं थे। उस सत्र में गन्ना विभाग ने बालुआ बिहार से करीब 50 हजार क्विंटल गन्ना गडौरा चीनी मिल के लिए आवंटित किया था। बगहा से गन्ना लाने में अधिक परिवहन खर्च को देखते हुए मिल प्रबंधन ने कथित तौर पर आसपास के किसानों से कहा कि वे बिना गन्ना पर्ची का इंतजार किए सीधे मिल में गन्ना लेकर आएं। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड और बैंक पासबुक उपलब्ध कराने को कहा गया था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यादव के अनुसार, मिल ने निचलौल और सिसवा क्षेत्र के किसानों से उनके आधार और बैंक संबंधी विवरण के आधार पर गन्ना खरीदा। गन्ना खरीद की रसीदों पर किसानों के नाम, आधार नंबर और आपूर्ति की गई मात्रा दर्ज थी, लेकिन पते बगहा के बालुआ बिहार के दर्ज किए गए थे, जो आधिकारिक आवंटन से संबंधित था। उन्होंने बताया कि मिल ने बगहा क्षेत्र के केवल करीब 10 से 20 किसानों से वास्तविक रूप से गन्ना खरीदा, जबकि निचलौल और सिसवा के किसानों से करीब 1.75 लाख क्विंटल गन्ना उसी आवंटन के तहत दर्ज किया गया।

इसके बाद बालुआ बिहार के किसानों को भुगतान कर दिया गया। बिहार गन्ना विभाग और गन्ना समिति से प्राप्त रिकॉर्ड में भी इस आवंटन के तहत कोई बकाया भुगतान दर्ज नहीं है। हालांकि, महराजगंज के किसानों का कहना है कि उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है। सिसवां गन्ना संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र राव ने बताया कि सिसवां और निचलौल क्षेत्र के करीब 400 किसानों ने 2020-21 के पेराई सत्र में बालुआ बिहार के आवंटन के तहत मिल को गन्ना दिया था। उन्होंने कहा कि, भुगतान का मामला हल होने तक गन्ना आपूर्ति रोकने के किसानों के निर्णय का गन्ना संघ समर्थन करता है।

गडौरा चीनी मिल के महाप्रबंधक विश्वमित्र सिंह ने कहा कि, बालुआ बिहार आवंटन के अंतर्गत आने वाले किसानों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि, उन्होंने चार दिन पहले ही कार्यभार संभाला है और गन्ना समिति तथा प्रभावित किसानों के साथ इस मामले में बातचीत चल रही है। सिंह ने कहा कि, विवादित रसीदों और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संबंधित भुगतान कब और किन खातों में किया गया था। इस प्रक्रिया के तहत गन्ना संघ के माध्यम से रसीदें एकत्र की जा रही हैं।

जिला गन्ना अधिकारी यादव ने कहा कि गडौरा चीनी मिल पर सामान्य तौर पर कोई गन्ना भुगतान बकाया नहीं रहता है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि बालुआ बिहार के आवंटन के तहत महराजगंज में स्थानीय किसानों से खरीदे गए गन्ने का भुगतान ही मौजूदा विवाद का विषय है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और मिल प्रबंधन सिसवां गन्ना समिति से जुड़े किसानों के साथ बातचीत कर रहा है। विभाग रिकॉर्ड की जांच के जरिए विवाद का समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। साथ ही किसानों से जांच पूरी होने तक गन्ना आपूर्ति रोकने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील भी की गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here