थाईलैंड : किसानों और ईंधन कीमतों को राहत देने के लिए E20-B20 पर टैक्स कटौती पर विचार

बैंकॉक: थाईलैंड सरकार मध्य-पूर्व संकट के असर से बढ़ती ऊर्जा लागत को नियंत्रित करने के लिए E20 और B20 ईंधन पर लक्षित उत्पाद शुल्क (एक्साइज टैक्स) में कटौती करने पर विचार कर रही है। द नेशन की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार सीमित राजकोषीय संसाधनों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है। इस प्रस्ताव के तहत देश की अप्रयुक्त उधारी क्षमता के एक हिस्से का इस्तेमाल संकट के प्रभाव को कम करने और तेल की कीमतों को नियंत्रित करने से जुड़े उपायों के वित्तपोषण के लिए किया जा सकता है।

वित्त मंत्री एकनिति नितिथानप्रापास ने कहा कि, सरकार के पास ऊर्जा कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। परिस्थितियों के अनुसार इनमें से सबसे उपयुक्त विकल्प का चयन किया जाएगा। इन विकल्पों में घरेलू ईंधन कीमतों को स्थिर रखने के लिए ऑयल फ्यूल फंड का इस्तेमाल, रिफाइनरियों से उनके अतिरिक्त रिफाइनिंग मार्जिन का कुछ हिस्सा खुदरा ईंधन कीमतें कम करने के लिए देने का आग्रह और तेल पर उत्पाद शुल्क में कटौती शामिल है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार ने फिलहाल उत्पाद शुल्क में कटौती से दूरी बनाए रखी है, क्योंकि इससे सरकारी राजस्व में तत्काल कमी आएगी, जबकि सरकारी खर्च में कोई बदलाव नहीं होगा। इससे पैदा होने वाली राजस्व कमी की भरपाई के लिए भविष्य में अतिरिक्त उधारी की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में देश की राजकोषीय स्थिति पर पड़ने वाला प्रभाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण विचार है।

एकनिति ने कहा कि यदि कर संबंधी कदम उठाना जरूरी हुआ तो सरकार सभी ईंधन श्रेणियों पर व्यापक कटौती करने के बजाय लक्षित कर कटौती के विकल्प पर विचार कर रही है। E20 और B20 ऐसे ईंधन हैं जिन पर विशेष रूप से विचार किया जा रहा है, क्योंकि इनका सीधा संबंध कृषि क्षेत्र से है। E20 में एथेनॉल की मात्रा अधिक होती है, जबकि B20 में बायोडीजल शामिल होता है।

एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना और कसावा प्रमुख कच्चे माल हैं, जबकि बायोडीजल उत्पादन में पाम ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए इन ईंधन श्रेणियों पर उत्पाद शुल्क घटाने से उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ-साथ संबंधित कृषि उत्पादों का उत्पादन करने वाले किसानों को भी फायदा पहुंच सकता है। सरकार जीवन-यापन की बढ़ती लागत को कम करने वाले उपायों और राजकोषीय अनुशासन के बीच संतुलन बनाने का प्रयास कर रही है। खासकर इसलिए कि मौजूदा वित्तीय वर्ष सितंबर में समाप्त हो रहा है। एकनिति ने बताया कि सरकार के पास फिलहाल 1,000 करोड़ थाई बाट (THB 10 बिलियन) से कुछ अधिक की राजकोषीय गुंजाइश बची है।

उन्होंने चेतावनी दी कि व्यापक वित्तीय प्रभाव का आकलन किए बिना सरकारी राजस्व घटाने वाले उपाय लागू करने से सार्वजनिक वित्त पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इससे ऊर्जा से जुड़ी समस्या आगे चलकर व्यापक राजकोषीय चुनौती में बदल सकती है। अगले वित्तीय वर्ष के लिए सरकार किसी भी अतिरिक्त राहत उपाय की सीमा तय करने से पहले उपलब्ध राजकोषीय संसाधनों का दोबारा आकलन करेगी। अधिकारी प्रत्येक प्रस्तावित उपाय की उपयुक्तता और सरकारी राजकोषीय स्थिति पर उसके समग्र प्रभाव का मूल्यांकन करेंगे। इसके बाद ही किसी कदम को लागू करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here