महाराष्ट्र में 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र के दौरान चीनी उत्पादन 20% घटकर 80 लाख टन रहने का अनुमान: विस्मा

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र में 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र के दौरान चीनी उत्पादन में करीब 20 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है और यह घटकर लगभग 80 लाख टन रह सकता है। पीटीआई में प्रकाशित खबर के अनुसार, वेस्ट इंडिया शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA) के अध्यक्ष बी.बी.ठोंबरे के अनुसार, कम बारिश के कारण गन्ने की उपज घटने और चीनी रिकवरी प्रभावित होने से उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना है।

महाराष्ट्र देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में शामिल है। राज्य में 2025-26 के पेराई सत्र के दौरान करीब 99 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। ठोंबरे ने कहा, गन्ने की खेती का क्षेत्रफल अच्छा है, लेकिन इस साल गन्ने की प्रति एकड़ उपज में 30-40 प्रतिशत की कमी आ रही है। पेराई में जितनी अधिक देरी होगी, उपज में गिरावट उतनी ही बढ़ती जाएगी। इसलिए गन्ने की जल्द पेराई शुरू करना जरूरी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, इस साल महाराष्ट्र में बारिश की भारी कमी रही है, जिसका असर गन्ने समेत विभिन्न फसलों की उपज पर पड़ा है। सूखे जैसी स्थिति के बीच जलाशयों में पानी पीने के लिए आरक्षित किए जाने से जनवरी और फरवरी में चीनी मिलों के सामने पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है। ठोंबरे के मुताबिक, मराठवाड़ा, विदर्भ, सोलापुर और अहिल्यानगर में स्थिति विशेष रूप से गंभीर है। इन क्षेत्रों में पिछले करीब 45 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में खड़ा गन्ना सूखने लगा है।

उन्होंने कहा, अगर गन्ने को जल्द से जल्द पेराई के लिए भेजा जाता है, तो किसानों को कुछ आमदनी मिल सकेगी। अन्यथा खेतों में ही फसल सूख सकती है। ठोंबरे ने महाराष्ट्र सरकार के इस साल चीनी पेराई सत्र को 15 अक्टूबर से शुरू करने के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि, पेराई जल्द शुरू होने से किसानों और चीनी मिलों, दोनों को लाभ होगा।

उन्होंने बताया कि, फिलहाल चीनी की कीमतें अनुकूल बनी हुई हैं और दिवाली तक इनके स्थिर रहने की संभावना है। उनके अनुसार, चीनी रिकवरी में कमी से होने वाले नुकसान की कुछ भरपाई मौजूदा चीनी कीमतों से की जा सकती है।उन्होंने कहा, चीनी रिकवरी दर में होने वाले नुकसान की भरपाई मौजूदा कीमतों से की जा सकती है। चीनी रिकवरी दर से आशय गन्ने के कुल वजन में से प्राप्त होने वाली चीनी के प्रतिशत से है।

ठोंबरे ने सरकार के उस फैसले का भी स्वागत किया, जिसके तहत चीनी को कोटा प्रणाली के जरिए जारी करने के बजाय सीधे बाजार में भेजने की अनुमति दी गई है। गन्ने की उपज में कमी, पानी की समस्या और पेराई में देरी होने पर खेतों में खड़ी फसल के और खराब होने के जोखिम को देखते हुए WISMA ने चीनी मिलों से जल्द संचालन शुरू करने पर जोर दिया है। संगठन का कहना है कि, इससे किसानों और चीनी उद्योग को होने वाले संभावित नुकसान को कम किया जा सकेगा।

‘चीनीमंडी’ से बातचीत में बी.बी.ठोंबरे ने कहा की, केंद्र सरकार ने 2014-15 के गन्ना पेराई सीजन की बकाया एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) का भुगतान करने के लिए ‘सॉफ्ट लोन 2015’ योजना शुरू की थी। यह योजना देश की सभी सहकारी और निजी चीनी मिलों के लिए लागू थी। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने केवल सहकारी चीनी मिलों को ही इस योजना के तहत राहत दी। ठोंबरे के अनुसार, निजी चीनी मिलों का चार वर्षों का करीब 492 करोड़ रुपये का ब्याज अनुदान राज्य सरकार की ओर से अभी तक बकाया है। उन्होंने कहा, निजी चीनी मिलों की बकाया अनुदान राशि को लेकर संगठन ने सरकार और चीनी आयुक्तालय को आवदेन भी दिया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here