कोल्हापुर : महाराष्ट्र में आगामी गन्ना पेराई सीजन की शुरुआत 15 अक्टूबर से होने की संभावना है। पेराई सीजन शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, ऐसे में राज्य की चीनी मिलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मिलों में मशीनरी की जांच, मरम्मत और रखरखाव के साथ-साथ गन्ना परिवहन, श्रमिकों की व्यवस्था तथा अन्य तकनीकी तैयारियां पूरी हो चुकी है।
पेराई सीजन शुरू होने से पहले चीनी मिलों में बॉयलर, टर्बाइन, क्रशिंग यूनिट, मिल हाउस, कन्वेयर बेल्ट और अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। जिन मिलों में पिछले सीजन के दौरान मशीनरी से संबंधित समस्याएं सामने आई थीं, वहां आवश्यक मरम्मत और बदलाव का काम प्राथमिकता से किया जा रहा है। मिल प्रबंधन का प्रयास है कि सीजन शुरू होने के बाद किसी तकनीकी खराबी के कारण पेराई कार्य प्रभावित न हो।
‘चीनीमंडी’ से बातचीत में राज्य के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने बताया कि, अब तक राज्य की कुल 178 (88 सहकारी और 90 निजी) चीनी मिलों ने पेराई लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन दाखिल किए हैं। क्षेत्रीय चीनी सह-संचालक कार्यालय स्तर पर 53 आवेदनों की जांच शुरू है।पेराई लाइसेंस प्राप्त करने के लिए चीनी मिलों को 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। साथ ही, संबंधित चीनी मिलों द्वारा पिछले पेराई सीजन की एफआरपी का 100 प्रतिशत भुगतान किया जाना भी अनिवार्य है।
चीनी मंडी से बातचीत में कोल्हापुर जिले के शाहू समूह के मार्गदर्शक समरजीतसिंह राजे घाटगे ने कहा की, पेराई सीजन को लेकर हमारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। किसानों से भी लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। हमारा प्रयास है कि, 15 अक्टूबर से निर्धारित समय पर पेराई शुरू कर गन्ने की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरे सीजन में पेराई कार्य सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए मिल प्रबंधन और हमारी पूरी टीम तैयार है।
गन्ना कटाई और परिवहन की तैयारी
चीनी मिलों द्वारा गन्ना कटाई के लिए मजदूरों की उपलब्धता, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों की व्यवस्था की जा रही है। कई क्षेत्रों में गन्ना कटाई और परिवहन के लिए ठेकेदारों तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू हो गया है। मिलों का प्रयास रहेगा कि किसानों के खेतों में तैयार गन्ने की कटाई समय पर हो और कटाई के बाद गन्ने को जल्द से जल्द मिल तक पहुंचाया जाए। इससे गन्ने की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ मिलों की दैनिक पेराई क्षमता का भी बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा पेराई सीजन
महाराष्ट्र में गन्ना किसानों के लिए पेराई सीजन बेहद महत्वपूर्ण होता है। किसानों को अपने गन्ने की कटाई और मिल को आपूर्ति के लिए संबंधित चीनी मिलों के साथ समन्वय करना होगा। मिलों द्वारा गन्ना पर्ची, तौल, परिवहन और भुगतान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करने के लक्ष्य को देखते हुए आने वाले दिनों में चीनी मिलों में तैयारियों की गति और बढ़ने की उम्मीद है। मिल प्रशासन, तकनीकी कर्मचारी और गन्ना विभाग पेराई सीजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए समन्वय कर रहे हैं। पेराई सीजन शुरू होने के बाद राज्य के चीनी उद्योग की वास्तविक तस्वीर गन्ने की उपलब्धता, रिकवरी, चीनी उत्पादन और बाजार की स्थिति के आधार पर स्पष्ट होगी।


















