मनीला: फिलीपींस में मौजूदा फसल वर्ष के दौरान कच्ची चीनी के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सितंबर की शुरुआत तक रिफाइंड चीनी का उत्पादन बढ़ा है। शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) के आंकड़ों के हवाले से द मनीला टाइम्स ने यह जानकारी दी। 6 सितंबर तक कच्ची चीनी का उत्पादन 11.02 प्रतिशत घटकर 18.5 लाख मीट्रिक टन रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 20.8 लाख मीट्रिक टन था। इसके विपरीत, रिफाइंड चीनी का उत्पादन 11.60 प्रतिशत बढ़कर 6,89,808 मीट्रिक टन हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 6,18,103 मीट्रिक टन था।
चीनी की घरेलू मांग में मिला-जुला रुझान
घरेलू खपत में अलग-अलग रुझान देखने को मिला। कच्ची चीनी की मांग 2.41 प्रतिशत घटकर 17.9 लाख मीट्रिक टन रही, जबकि पिछले वर्ष यह 18.3 लाख मीट्रिक टन थी। वहीं, रिफाइंड चीनी की मांग 2.40 प्रतिशत बढ़कर 6,13,076 मीट्रिक टन हो गई, जो पिछले वर्ष 5,98,695 मीट्रिक टन थी। उत्पादन में कमी और खपत में बदलाव के चलते चीनी का स्टॉक भी घटा। 6 सितंबर तक कच्ची चीनी का भंडार 2,30,684 मीट्रिक टन रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 3,73,816 मीट्रिक टन था। इसी तरह रिफाइंड चीनी का भंडार भी घटकर 3,04,203 मीट्रिक टन रह गया, जो एक साल पहले 3,67,536 मीट्रिक टन था।
अमेरिका को चीनी निर्यात 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ा
इस बीच, अमेरिका को फिलीपींस के चीनी निर्यात में तेज वृद्धि दर्ज की गई। निर्यात 50.62 प्रतिशत बढ़कर 99,538 मीट्रिक टन हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 66,086 मीट्रिक टन था। हालांकि, SRA के प्रशासक पाब्लो अज़कोना ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि, मौसम संबंधी व्यवधानों और कीटों के प्रकोप के कारण इस वर्ष अमेरिका को चीनी की आपूर्ति घट सकती है। उनके अनुसार, बाढ़, सूखे की स्थिति और नेग्रोस में लाल-धारीदार सॉफ्ट-स्केल कीटों के प्रकोप ने गन्ने के उत्पादन को प्रभावित किया है। अज़कोना ने इन परिस्थितियों के कारण कच्ची और रिफाइंड दोनों प्रकार की चीनी के उत्पादन में गिरावट की आशंका जताई है। SRA ने अभी यह तय नहीं किया है कि वर्ष के दौरान फिलीपींस को चीनी का आयात करने की जरूरत पड़ेगी या नहीं।


















