महाराष्ट्र : 15 अक्टूबर से चीनी मिलें शुरू करने को किसान संगठनों का विरोध; 8 अक्टूबर को चीनी आयुक्तालय पर हल्लाबोल मोर्चा की चेतावनी

पुणे/कोल्हापुर : महाराष्ट्र में चीनी मिलों का गन्ना पेराई सत्र 15 अक्टूबर से शुरू करने के फैसले का किसान संगठनों ने विरोध किया है। किसान संगठनों की मांग है कि, चीनी मिलों का पेराई सत्र 15 नवंबर के बाद ही शुरू किया जाए। संगठनों का कहना है कि, यदि 15 अक्टूबर से गन्ने की पेराई शुरू की जाती है तो कम रिकवरी वाले गन्ने की पेराई करनी पड़ेगी, जिसका आर्थिक नुकसान गन्ना उत्पादक किसानों, चीनी मिलों और सरकार को हो सकता है।

विभिन्न मुद्दों को लेकर सात किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को पुणे में चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। किसान संगठनों ने चेतावनी दी कि, यदि 15 अक्टूबर से चीनी मिलें शुरू करने का फैसला बरकरार रखा गया तो 8 अक्टूबर को चीनी आयुक्तालय पर हल्लाबोल मोर्चा निकाला जाएगा। बैठक में शिवसेना किसान सेना, जय शिवराय किसान संगठन, किसान-खेत मजदूर संगठन, किसान मोर्चा, शरद जोशी प्रणीत किसान संगठन, स्वाभिमानी संभाजी ब्रिगेड और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कम रिकवरी वाले गन्ने से किसानों और मिलों को नुकसान का दावा

किसान संगठनों के अनुसार, फिलहाल बारिश की कमी के कारण गन्ने के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा जनवरी, फरवरी और मार्च के दौरान गन्ने की रिकवरी अपेक्षाकृत अधिक होती है। ऐसे में यदि 15 अक्टूबर से पेराई शुरू की जाती है तो शुरुआती दौर में करीब 9 प्रतिशत रिकवरी वाले गन्ने की पेराई करनी पड़ सकती है।संगठनों का कहना है कि, कम रिकवरी वाले गन्ने की पेराई से चीनी उत्पादन की लागत बढ़ेगी। इसका असर किसानों को मिलने वाले दाम पर पड़ सकता है। साथ ही सरकार को भी अपेक्षित मात्रा में चीनी उपलब्ध नहीं हो पाएगी। इसलिए पेराई सत्र 15 नवंबर के बाद शुरू करने की मांग की गई है।

चीनी की एमएसपी 55 रुपये प्रति किलो करने की मांग

किसान संगठनों ने चीनी की न्यूनतम बिक्री कीमत (MSP) 55 रुपये प्रति किलो करने की मांग भी की।शिवसेना किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. जालंदर पाटील ने कहा कि जानकारी के अनुसार सरकार ने कच्ची चीनी 52 रुपये प्रति किलो की दर से आयात की है। इसमें करीब 7 रुपये परिवहन खर्च और 8 रुपये प्रसंस्करण लागत जोड़ने पर घरेलू बाजार में इसकी कीमत करीब 65 रुपये प्रति किलो हो सकती है। इसमें लाभ जोड़ने के बाद उपभोक्ताओं को यह चीनी करीब 70 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदनी पड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि, इस स्थिति को देखते हुए देश में उत्पादित तैयार चीनी की एमएसपी 55 रुपये प्रति किलो की जानी चाहिए। इस मांग को लेकर सरकार के साथ सकारात्मक चर्चा कर निर्णय की जानकारी दी जाएगी, ऐसा चीनी आयुक्त संजय कोलते ने बताया।

एफआरपी का भुगतान नहीं करने वाली मिलों पर कार्रवाई

चीनी आयुक्त ने बताया कि, पिछले पेराई सत्र की एफआरपी समय पर नहीं देने और उस पर देय ब्याज का भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ महसूल वसूली प्रमाणपत्र (RRC) के तहत कार्रवाई की गई है। समय पर आरएसएफ जमा नहीं करने वाली मिलों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।सावकार मादनाईक ने मांग की कि, एफआरपी की रिपोर्ट ब्याज सहित समय पर प्रस्तुत नहीं करने वाली चीनी मिलों के संचालक मंडल और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए। संबंधित राशि उनकी व्यक्तिगत संपत्ति से वसूल कर किसानों को दी जाए। इस संबंध में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन चीनी आयुक्त ने दिया।

चीनी मिलों के आसपास सरकारी कांटे लगाने की मांग

गन्ने के वजन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में सरकार के खर्च पर स्वतंत्र सरकारी वजन कांटे स्थापित किए जाएं, ऐसी मांग जय शिवराय किसान संगठन के अध्यक्ष शिवाजी माने ने की। उन्होंने मांग की कि, प्रत्येक चीनी मिल के आसपास कम से कम 10 सरकारी वजन कांटे लगाए जाएं और वहां किए गए गन्ने के वजन को आधिकारिक रूप से मान्यता दी जाए। साथ ही चीनी मिलों के अपने वजन कांटे बंद करने की मांग भी की गई। इसके अलावा दूध में फैट के आधार पर कीमत तय करने की तरह प्रत्येक किसान के गन्ने की रिकवरी के आधार पर भुगतान निर्धारित किया जाए, ऐसी मांग भी रखी गई। इन दोनों मांगों के संबंध में सरकार को अवगत कराकर आवश्यक सुधार करने का प्रयास किया जाएगा, ऐसा चीनी आयुक्त संजय कोलते ने कहा।

उप-उत्पादों से होने वाले मुनाफे में किसानों को हिस्सा देने की मांग

पिछले पेराई सत्र में चीनी के साथ अन्य उप-उत्पादों को भी अच्छे दाम मिले थे। इसलिए इनसे होने वाले मुनाफे को ध्यान में रखते हुए किसानों को 525 रुपये दूसरी किस्त के रूप में दिए जाएं, ऐसी मांग जनार्दन पाटील ने की।सभी चीनी मिलों से आरएसएफ की राशि प्राप्त कर उसके अनुसार किसानों को देय राशि देने के संबंध में चीनी आयुक्त ने सकारात्मक रुख व्यक्त किया।

गन्ना कटाई क्रम के अनुसार कराने की मांग

सभी चीनी मिलों को निर्धारित क्रम के अनुसार किसानों के गन्ने की कटाई करनी चाहिए, ऐसी मांग वैभव कांबले ने की। उनका कहना है कि इससे ‘खुशाली’ के नाम पर गन्ना कटाई मजदूरों द्वारा किसानों से पैसे मांगने की घटनाओं पर रोक लगेगी। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की। इसके अलावा दो चीनी मिलों के बीच दूरी संबंधी शर्त को समाप्त करने की मांग भगवान काटे ने की। बैठक में चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते, निदेशक (वित्त) यशवंत गिरी, निदेशक (प्रशासन) केदारी जाधव, सहनिदेशक (प्रशासन) प्रकाश आष्टेकर, सहनिदेशक (विकास) महेश झेंडे सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

‘चीनीमंडी’ से बातचीत में प्रो. जालंदर पाटील ने क्या कहा?

‘चीनीमंडी’ से बातचीत में शिवसेना किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. जालंदर पाटील ने कहा कि, बारिश की कमी के कारण गन्ना उत्पादक किसान बेहद मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। आमतौर पर जनवरी से मार्च के बीच गन्ने की रिकवरी बेहतर रहती है। यदि पेराई सत्र समय से पहले शुरू किया जाता है तो इसका बड़ा असर गन्ना उत्पादक किसानों पर पड़ सकता है। कम रिकवरी के कारण चीनी मिलों को भी नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि, गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी उद्योग के हित में घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के आधार पर चीनी के लिए दो-स्तरीय मूल्य व्यवस्था लागू करने की जरूरत है। घरेलू उपयोग के लिए चीनी की कीमत 20 रुपये प्रति किलो और व्यावसायिक उपयोग के लिए 80 रुपये प्रति किलो किए जाने की जरूरत है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here