भारत लगातार दूसरे साल विदेशों से चीनी कर सकता है आयात : मिडिया रिपोर्ट

पुणे : देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में पानी की गंभीर कमी के कारण गन्ने की चीनी रिकवरी घटने और उत्पादन में कमी बढ़ने की आशंका है। ऐसे में भारत को लगातार दूसरे साल विदेशों से चीनी आयात करने की जरूरत पड़ सकती है। उद्योग जगत के अधिकारियों के हवाले से ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ ने यह जानकारी दी है। दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक भारत करीब एक दशक तक चीनी के मामले में संरचनात्मक रूप से अधिशेष स्थिति में रहा। हालांकि, उत्पादन में गिरावट के कारण 2025-26 सीजन में भारत को चीनी आयात करनी पड़ी थी। इसके बाद घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थीं।

महाराष्ट्र-कर्नाटक में पानी की कमी से चिंता

ChiniMandi WhatsApp Channel

महाराष्ट्र और कर्नाटक में लंबे समय से बारिश की कमी के कारण आगामी चीनी सीजन में गन्ने की रिकवरी को लेकर चिंता बढ़ गई है। उद्योग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता भी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। राज्य सरकारें जलाशयों के पानी को प्राथमिकता के आधार पर पीने के लिए सुरक्षित रखने पर जोर दे रही हैं। देश का तीसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य कर्नाटक जलाशयों के पानी को पीने की जरूरतों के लिए आरक्षित कर चुका है। वहीं, देश का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र भी पानी की कमी को देखते हुए इसी तरह का कदम उठाने पर विचार कर रहा है।

गन्ने में शुगर कंटेंट घटने की आशंका

उद्योग अधिकारियों का कहना है कि, सिंचाई के पानी की कम उपलब्धता से अक्टूबर से शुरू होने वाली गन्ने की पेराई के लिए आने वाले गन्ने में चीनी की मात्रा प्रभावित हो सकती है। इससे चीनी रिकवरी घटने के साथ-साथ कुल चीनी उत्पादन में भी कमी आने की आशंका है। यह स्थिति ऐसे समय सामने आई है, जब सरकार घरेलू चीनी की कीमतों को स्थिर रखने के लिए कई कदम उठा चुकी है। इनमें चीनी का स्टॉक लिमिट लागू करना, चीनी आयात की अनुमति देना और पेराई सीजन जल्दी शुरू करने की अनुमति जैसे उपाय शामिल हैं।

उत्पादन घटा तो फिर बढ़ सकती है आयात की जरूरत

उद्योग जगत के अधिकारियों के अनुसार, यदि गन्ने की गुणवत्ता और चीनी रिकवरी में और गिरावट आती है, तो घरेलू चीनी उत्पादन खपत की जरूरतों से कम रह सकता है। ऐसी स्थिति में भारत को लगातार दूसरे वर्ष चीनी का आयात करना पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here