फ्रांस में सूखे और लू की मार से चुकंदर उत्पादन 1980 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंचने की आशंका

पेरिस : सूखा, अत्यधिक गर्मी तथा कीट और रोगों के बढ़ते प्रकोप के कारण फ्रांस में 2026 का चीनी चुकंदर उत्पादन घटकर 2.54 करोड़ टन रह सकता है। यह 1980 के बाद का सबसे निचला स्तर हो सकता है। यूक्रएग्रो कंसल्ट ने एग्रेस्ट (Agreste) के हवाले से यह जानकारी दी है। अनुमान के मुताबिक, 2026 में चुकंदर उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में 29% कम रहेगा। औसत पैदावार में 24% की गिरावट, जबकि चुकंदर के रकबे में 6% की कमी आने का अनुमान है। गंभीर मौसम परिस्थितियों के कारण फसल का विकास धीमा हुआ है और पौधे कमजोर हो गए हैं। इसके चलते फसल कीटों और रोगों के प्रति अधिक संवेदनशील हो गई है। लॉयर नदी के उत्तर में स्थित कई क्षेत्रों में वीविल और फफूंदजनित बीमारी राइज़ोपस का प्रकोप फैल गया है। इसके कारण फसल का एक हिस्सा प्रसंस्करण के लिए अनुपयुक्त हो गया है।

सबसे अधिक प्रभावित खेतों में किसानों का कहना है कि, 40-50% तक चुकंदर बाजार में बेचने योग्य नहीं रह सकता है। सहकारी संस्थाएं ऐसे खेतों को अस्वीकार कर सकती हैं, जहां 20% से अधिक फसल क्षतिग्रस्त हो, क्योंकि स्वस्थ चुकंदर को खराब जड़ों से अलग करना मुश्किल होने के साथ-साथ व्यावसायिक रूप से भी व्यवहार्य नहीं है। इसी वजह से कुछ किसान बुरी तरह प्रभावित खेतों में फसल की कटाई नहीं करने का विकल्प चुन रहे हैं। कई मामलों में कटाई की लागत फसल के मूल्य से भी अधिक हो सकती है। कुछ किसानों ने दसियों हजार यूरो तक के नुकसान की जानकारी दी है।फ्रांस के चीनी चुकंदर उत्पादक महासंघ ने उद्योग के कुल नुकसान का अनुमान लगभग 1 अरब यूरो लगाया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उत्पादन में यह भारी गिरावट फ्रांस के चीनी उद्योग के लिए चिंता बढ़ा रही है। फ्रांस यूरोप का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश है। हाल के वर्षों में देश में चुकंदर का रकबा और चीनी मिलों के लिए कच्चे माल का आधार पहले ही दबाव में रहा है। ऐसे में 2026 की अत्यधिक कम फसल से चीनी मिलों और प्रसंस्करण इकाइयों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here