हुब्बली: कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना के हजारों गन्ना किसानों ने मंगलवार को हुब्बली में अपना प्रदर्शन वापस ले लिया। किसान नेताओं को आश्वासन दिया गया कि, 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को 10 अक्टूबर को नई दिल्ली ले जाया जाएगा, जहां वह केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात कर अपनी मांगों पर चर्चा करेगा। किसानों ने कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरु सेना के नेतृत्व में कित्तूर चन्नम्मा सर्कल पर बड़ी संख्या में एकत्र होकर गन्ने का लाभकारी मूल्य तय करने और चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की मांग की थी। किसानों ने 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य ₹5,500 प्रति टन करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य मौजूदा ₹31 प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर ₹60 प्रति किलोग्राम करने की मांग भी रखी।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि, केंद्र सरकार ने कई वर्षों से चीनी के एमएसपी में संशोधन नहीं किया है। किसानों ने एथेनॉल के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी, चीनी मिलों को अपने पूरे एथेनॉल उत्पादन की बिक्री की अनुमति देने, गन्ने के लंबित बकाये का भुगतान करने और एम.एस. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की भी मांग की। इससे पहले किसान नेताओं ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को अपनी मांगों पर जवाब देने के लिए दोपहर 3 बजे तक का समय दिया था। उन्होंने कहा था कि यदि तब तक स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो वे जोशी के आवास की ओर मार्च करेंगे और वहां धरना देंगे।
जोशी ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से किसानों से बातचीत के लिए दिल्ली आने की अपील की थी। हालांकि, किसानों ने शुरुआत में इस अपील को खारिज कर दिया और मांग की कि केंद्रीय मंत्री धारवाड़ आकर उनसे मुलाकात करें। दोपहर 3 बजे की समयसीमा तक मंत्री की ओर से कोई और संदेश नहीं मिलने पर किसानों ने मायूरी एस्टेट स्थित जोशी के आवास की ओर मार्च शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाए थे। हालांकि, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए और मंत्री के आवास तक पहुंच गए। बड़ी संख्या में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें आवास का घेराव करने से रोक दिया।
किसानों के एक अन्य समूह को पुलिस ने रमेश भवन के पास रोक दिया। पुलिस आयुक्त भूषण बोरासे, आईजीपी नॉर्दर्न रेंज संदीप पाटिल और धारवाड़ की उपायुक्त स्नेहल आर. ने प्रदर्शनकारियों को आंदोलन वापस लेने के लिए समझाने का प्रयास किया। आखिरकार विधायक महेश तेंगिनकाई और एम.आर. पाटिल ने किसान नेताओं से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि वे 10 अक्टूबर को 30 किसानों के प्रतिनिधिमंडल को नई दिल्ली ले जाकर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ बातचीत कराएंगे।
विधायकों ने यह भी आश्वासन दिया कि, दिल्ली यात्रा का पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने किसानों को बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण धारवाड़ में केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक नहीं हो सकती। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने अपना प्रदर्शन वापस लेने पर सहमति जताई। इसके बाद वे नेहरू स्टेडियम पहुंचे और वहां से प्रदर्शन समाप्त कर अपने-अपने स्थानों के लिए रवाना हो गए।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर्नाटक राज्य रायथा संघ के अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी, बेलगावी स्थित इंचागेरी मठ के आध्यात्मिक गुरु शशिकांत गुरुजी, महाराष्ट्र के पूर्व सांसद राजू शेट्टी और अन्य किसान नेताओं ने किया। पूरे दिन चले प्रदर्शन के दौरान कित्तूर चन्नम्मा सर्कल और शहर की अन्य सड़कों को अवरुद्ध किए जाने से हुब्बली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा। वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


















