2027 की पहली छमाही तक रेपो रेट में 100 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर सकता है RBI : BofA Securities

नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) 2027 की पहली छमाही तक ब्याज दरों में कुल 100 बेसिस पॉइंट (1 प्रतिशत अंक) की बढ़ोतरी कर सकता है। बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) सिक्योरिटीज ने अपनी पहली दर वृद्धि के अनुमान को दिसंबर से आगे बढ़ाकर अक्टूबर कर दिया है। अपनी ताजा इंडिया व्यूपॉइंट रिपोर्ट में BofA Securities ने कहा कि, उसे उम्मीद है कि RBI 7 अक्टूबर को होने वाली मौद्रिक नीति समिति की बैठक में रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करेगा। इसके बाद 75 बेसिस पॉइंट की और बढ़ोतरी की उम्मीद है, जिससे अनुमानित अंतिम रेपो रेट 6.25 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।

ब्रोकरेज ने पहले कुल 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया था। BofA Securities ने कहा, हमारे अनुमान में सबसे बड़ा बदलाव संभवतः दरों में बढ़ोतरी की कुल मात्रा को लेकर है। हमने पहले के 50 बेसिस पॉइंट के अनुमान को बढ़ाकर अब 100 बेसिस पॉइंट कर दिया है। BofA के अनुसार, घरेलू आर्थिक वृद्धि मजबूत बनी हुई है, जबकि महंगाई के जोखिम व्यापक होते जा रहे हैं। ऐसे में RBI के पास दरों में बदलाव के लिए इंतजार करने की कम वजह है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रिपोर्ट में कहा गया कि, सितंबर के अधिकांश समय में कच्चे तेल की कीमतें 100-110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहीं। इसके साथ ही ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी और खाद्य आपूर्ति से जुड़े दबाव का जोखिम भी बढ़ रहा है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि, RBI 2026 की चौथी तिमाही में 50 बेसिस पॉइंट और 2027 की पहली छमाही में 50 बेसिस पॉइंट की दर वृद्धि कर सकता है। BofA को यह भी उम्मीद है कि, केंद्रीय बैंक दिसंबर में अपनी मौद्रिक नीति के रुख में बदलाव कर सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि, RBI दिसंबर में अपने रुख को बदलकर “संतुलित तरीके से सख्ती” की दिशा में ले जा सकता है। BofA ने कहा कि, मजबूत आर्थिक वृद्धि के कारण RBI के लिए मौद्रिक परिस्थितियों को उदार बनाए रखने की जरूरत कम हो रही है। सितंबर में गैर-खाद्य ऋण वृद्धि सालाना आधार पर 17.8 प्रतिशत रही। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में निवेश मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। रिपोर्ट में बढ़ते महंगाई जोखिमों को भी रेखांकित किया गया है। इसमें कहा गया कि, खाद्य महंगाई का दायरा व्यापक हो रहा है, जबकि थोक महंगाई का दबाव धीरे-धीरे अन्य क्षेत्रों में भी फैल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त 2026 में ट्रेडेबल्स महंगाई बढ़कर 5.9 प्रतिशत हो गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, यदि वास्तविक GDP वृद्धि करीब 7 प्रतिशत बनी रहती है और खुदरा महंगाई करीब 5.5 प्रतिशत के आसपास रहती है, तो RBI ब्याज दरों में 100 बेसिस पॉइंट से भी अधिक की बढ़ोतरी कर सकता है। ऐसी स्थिति में अल्पावधि की ब्याज दरें 6.5 प्रतिशत से ऊपर जा सकती है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अर्थव्यवस्था की वृद्धि में बड़ी गिरावट आने पर ब्याज दरों में कम बढ़ोतरी हो सकती है या दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं भी हो सकती है। ऐसा तब हो सकता है जब आर्थिक वृद्धि 7 प्रतिशत से नीचे गिरकर आगे चलकर 6 प्रतिशत के आसपास पहुंच जाए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here