नीदरलैंड में चीनी टैक्स से बढ़ सकती है सीमा पार खरीदारी, कर राजस्व पर असर की आशंका: EFMI रिपोर्ट

एम्स्टर्डम: नीदरलैंड सरकार द्वारा प्रस्तावित चीनी टैक्स से उपभोक्ताओं के पड़ोसी देशों में खरीदारी करने की प्रवृत्ति बढ़ सकती है और इससे नीदरलैंड के कर राजस्व में कमी आ सकती है। EFMI बिजनेस स्कूल के एक अध्ययन के अनुसार, इसका असर सीमा पार खरीदारी और सरकारी आय पर पड़ सकता है। डच उपभोक्ता पहले से ही हर साल जर्मनी और बेल्जियम में किराना सामान की खरीदारी पर अनुमानित 2.1 अरब यूरो खर्च करते हैं। इस सीमा पार खरीदारी के कारण डच सरकार को वैट और उत्पाद शुल्क के रूप में हर साल करीब 34 करोड़ से 38 करोड़ यूरो के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है।

EFMI के अध्ययन के अनुसार, लगभग हर 10 में से 4 डच उपभोक्ता नियमित रूप से सीमा पार खरीदारी करते हैं। जर्मनी में हर साल डच उपभोक्ताओं की 1.5 करोड़ से अधिक खरीदारी यात्राएं होती हैं, जबकि बेल्जियम में यह संख्या करीब 40 लाख है। सीमा से लगे क्षेत्रों में सीमा पार खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं की हिस्सेदारी और अधिक है। ऐसे इलाकों में करीब 55% से 70% उपभोक्ता पड़ोसी देशों में खरीदारी करते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

नीदरलैंड में किराना सामान की कीमतें सामान्य रूप से पड़ोसी देशों के समान स्तर पर हैं। हालांकि, ऐसे उत्पाद जिन पर घरेलू स्तर पर अधिक कर लगाए जाते हैं, जिनमें मादक और गैर-मादक पेय पदार्थ शामिल हैं, वे सीमा पार काफी सस्ते मिल सकते हैं। रबोबैंक के आंकड़ों के अनुसार, प्रस्तावित चीनी टैक्स से प्रभावित मीठे उत्पादों की कीमतों में 10% से 20% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। EFMI ने कहा कि कीमतों में इस तरह का अंतर उपभोक्ताओं को जर्मनी और बेल्जियम में खरीदारी करने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन दे सकता है। इससे प्रस्तावित चीनी टैक्स से मिलने वाले संभावित राजस्व का कुछ हिस्सा पड़ोसी देशों की ओर जा सकता है।

अध्ययन में खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता को भी रेखांकित किया गया है। करीब 75% उपभोक्ता खाद्य पदार्थों और शीतल पेय की कीमतों में 5% से अधिक वृद्धि के विरोध में हैं। वहीं, कम आय वाले परिवारों ने बढ़ती किराना लागत को लेकर बढ़ती चिंता जताई है। डच फूड इंडस्ट्री फेडरेशन (FNLI) के निदेशक सीस-जान अडेम ने कहा कि प्रस्तावित चीनी टैक्स सीमा पार खरीदारी को और बढ़ावा दे सकता है।

उन्होंने कहा कि, अध्ययन से पता चलता है कि प्रस्तावित चीनी टैक्स उपभोक्ताओं के लिए सीमा पार खरीदारी करने का एक अतिरिक्त कारण बन सकता है। उनके अनुसार, इसके परिणामस्वरूप नीदरलैंड में आर्थिक गतिविधियां कम हो सकती हैं, जबकि सार्वजनिक स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। अडेम ने यह भी कहा कि, सीमा से लगे क्षेत्रों में सुपरमार्केट के कारोबार में और गिरावट आ सकती है, जिसका असर रोजगार और स्थानीय सुविधाओं पर भी पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here