मनीला: फिलीपींस के कृषि विभाग (DA) और शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने चीनी उद्योग के लिए सहायता बढ़ाने की तैयारी की है। देश में गन्ना किसान कीटों के प्रकोप, सूखे की आशंका, बढ़ती उत्पादन लागत और कृत्रिम मिठास वाले उत्पादों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहे हैं। सरकार ने उद्योग की चुनौतियों से निपटने के लिए कई उपायों का विस्तार किया है। DA और SRA विसायस क्षेत्र में रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल कीट से प्रभावित गन्ना किसानों को वित्तीय सहायता देने के साथ-साथ रासायनिक उपचार, ड्रोन के जरिए छिड़काव और जैविक नियंत्रण उपाय उपलब्ध कराएंगे। यह कीट गन्ने के पौधों का रस चूसकर उन्हें कमजोर करता है और पौधों पर काले फफूंद (ब्लैक मोल्ड) के विकास को बढ़ावा देता है। इससे फसल के स्वास्थ्य और उत्पादकता पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
कृषि सचिव फ्रांसिस्को तियू लॉरेल जूनियर ने कहा कि, चीनी उद्योग की चुनौतियों से निपटने के लिए तत्काल वित्तीय सहायता के साथ-साथ नीतिगत हस्तक्षेप की भी जरूरत होगी। इसमें किसानों की उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक कानून बनाना भी शामिल है। यह पहल राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निर्देश के बाद शुरू की गई है। उन्होंने कृषि विभाग और SRA को चीनी उद्योग की ओर से उठाई गई चिंताओं पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
प्रथम महिला लिजा अरानेता-मार्कोस भी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर सहायता पहुंचाने में सहयोग कर रही हैं। हाल ही में नेग्रोस की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने किसानों, श्रमिकों, उद्योग प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके बाद शुगर इंडस्ट्री पेस्ट एंड डिजास्टर मैनेजमेंट टास्क फोर्स के गठन में मदद मिली। यह टास्क फोर्स चीनी उद्योग से जुड़ी उत्पादन संबंधी चुनौतियों, जलवायु जोखिमों, वित्तीय जरूरतों और आपदा से निपटने की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेगी।
SRA के प्रशासक पाब्लो अज़कोना ने कहा कि, इस हस्तक्षेप का उद्देश्य चीनी उत्पादन पर निर्भर हजारों लोगों की आजीविका की सुरक्षा करना भी है। उन्होंने बताया कि DA और SRA ने उद्योग की सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। सरकार कृत्रिम मिठास वाले उत्पादों के नियमन को और सख्त करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है। उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि कृत्रिम मिठास घरेलू स्तर पर उत्पादित चीनी की मांग को प्रभावित कर रही है।
उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, फसल वर्ष 2024-25 में कृत्रिम मिठास की बाजार हिस्सेदारी 18.4 प्रतिशत रही, जो 5,03,117 मीट्रिक टन (MT) के बराबर है। इसी अवधि में रिफाइंड चीनी की मांग में 13.89 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। तियू लॉरेल ने कहा कि दोनों एजेंसियां घरेलू चीनी खपत पर चीनी के विकल्पों के प्रभाव को कम करने के लिए संभावित उपायों का आकलन करेंगी। SRA के आंकड़ों के अनुसार, 13 सितंबर तक कच्ची चीनी (Raw Sugar) का उत्पादन 11.02 प्रतिशत घटकर 18.5 लाख मीट्रिक टन रह गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 20.8 लाख मीट्रिक टन था।
इसके विपरीत, रिफाइंड चीनी का उत्पादन 11.6 प्रतिशत बढ़कर 6,89,808 मीट्रिक टन हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 6,18,103 मीट्रिक टन था। घरेलू कच्ची चीनी की मांग 2.6 प्रतिशत घटकर 18 लाख मीट्रिक टन रह गई, जबकि पिछले वर्ष यह 18.5 लाख मीट्रिक टन थी। वहीं, रिफाइंड चीनी की मांग 3.62 प्रतिशत बढ़कर 6,27,528 मीट्रिक टन हो गई, जो पिछले वर्ष 6,05,600 मीट्रिक टन थी।


















