महाराष्ट्र : लातूर के सूखा प्रभावित किसान चारे की कमी के बीच पशुओं को खिलाने के लिए काट रहे गन्ने की फसल

लातूर : सूखा प्रभावित लातूर जिले में गंभीर चारे की कमी के कारण किसान अपने पशुओं को खिलाने के लिए खड़ी गन्ने की फसल काटने को मजबूर हैं। चारे के सीमित विकल्पों के चलते किसानों को पशुओं को जीवित रखने के लिए अपनी संभावित फसल आय का त्याग करना पड़ रहा है। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस स्थिति ने क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था पर वित्तीय दबाव और बढ़ा दिया है। कम बारिश के कारण चरागाह सूख गए हैं और हरे चारे की उपलब्धता कम हो गई है। ऐसे में किसान खड़ी गन्ने की फसल को ही पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने बारिश की कमी को देखते हुए राज्य के 358 में से 265 तालुकाओं में सूखा घोषित किया है, जो कुल तालुकाओं का करीब 74 प्रतिशत है। सरकार ने राहत उपायों के तहत फसल ऋण के पुनर्गठन, भूमि राजस्व में रियायत और बिजली बिलों पर सब्सिडी जैसी घोषणाएं की हैं। कवठा गांव के किसान नारायण गुडे सात एकड़ जमीन पर खेती करते हैं और उनके पास सात भैंसें, दो गायें तथा कई बछड़े हैं। चारे की कमी के कारण उन्हें अपने पशुओं को खिलाने के लिए खड़ी गन्ने की फसल काटनी पड़ रही है।गुडे ने पीटीआई को बताया, बारिश नहीं होने के कारण बिल्कुल चारा नहीं है। हमारे पास खड़ी गन्ने की फसल काटने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, चारे और पानी की कमी का असर दूध उत्पादन पर भी पड़ा है। उनके पशुओं से होने वाला दैनिक दूध उत्पादन घटकर महज 10 से 12 लीटर रह गया है। गुडे के अनुसार, उनके पशुओं को खिलाने के लिए रोजाना करीब आधा टन गन्ने की जरूरत पड़ती है। बारिश की कमी ने क्षेत्र की अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। गुडे ने बताया कि उनकी सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान हुआ है और उत्पादन आधा क्विंटल प्रति एकड़ से भी कम रहने की संभावना है।

उन्होंने कहा, अब हम कटे हुए गन्ने को सोयाबीन के अवशेष के साथ मिलाकर चारे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से क्षेत्र में तत्काल सरकारी चारा शिविर शुरू करने की मांग भी की। मराठवाड़ा के किसानों के लिए कम फसल आय के दौर में पशुपालन एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त आय का साधन रहा है। हालांकि, पर्याप्त पोषण और पानी की कमी के कारण दूध उत्पादन में गिरावट से आय के इस स्रोत पर भी दबाव बढ़ रहा है। नतीजतन, किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर उनकी खड़ी कृषि फसल पशुओं के चारे में इस्तेमाल हो रही है, जिससे संभावित फसल आय प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर, दूध उत्पादन घटने से उनकी रोजाना की अतिरिक्त आमदनी भी कम हो रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here