महाराष्ट्र के छह चीनी मिलों के 564 करोड़ रुपये के कर्ज की होगी जांच; बड़े नेताओं से जुड़ी मिलें भी जांच के दायरे में

कोल्हापुर : केंद्र सरकार के राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) के माध्यम से महाराष्ट्र सरकार द्वारा कार्यशील पूंजी और पूंजीगत खर्च के लिए कर्ज प्राप्त करने वाली राज्य की छह सहकारी चीनी मिलों की जांच के निर्देश चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने दिए हैं। इन छह चीनी मिलों को कुल 564 करोड़ 54 लाख रुपये का कर्ज दिया गया है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि, कर्ज की राशि का इस्तेमाल जिस उद्देश्य के लिए किया जाना था, उसी के लिए हुआ है या नहीं। इसके साथ ही कर्ज की नियमों के अनुसार अदायगी की जा रही है या नहीं, इसकी भी जांच होगी। कर्ज के इस्तेमाल में अनियमितता पाए जाने पर मिलों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।

अधिकारियों की मौजूदगी में होगी जांच

ChiniMandi WhatsApp Channel

NCDC की ओर से महाराष्ट्र सरकार के माध्यम से छह सहकारी चीनी मिलों को 3 अगस्त 2023 और 26 अगस्त 2024 के शासनादेशों के तहत कर्ज देने की मंजूरी दी गई थी। अब इन कर्जों के उपयोग और पुनर्भुगतान की जांच के लिए चीनी आयुक्तालय के अधिकारी संबंधित चीनी मिलों का दौरा करेंगे। कर्ज के उपयोग की दोबारा जांच करने वाले विशेष लेखापरीक्षक, सहकारी संस्थाएं (चीनी) को भी व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुणे, सोलापुर, कोल्हापुर और छत्रपति संभाजीनगर के चीनी सह निदेशकों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।संबंधित चीनी मिलों के कार्यकारी निदेशक तथा इस मामले से जुड़े अधिकारी और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

‘इन’ छह चीनी मिलों की होगी जांच

चीनी मिल     जिला           कर्ज
कर्मयोगी शंकरराव पाटील सहकारी चीनी मिल     पुणे           150 करोड़ रुपये
नीरा-भीमा सहकारी चीनी मिल     पुणे           75 करोड़ रुपये
श्री शंकर सहकारी चीनी मिल    सोलापुर           113.42 करोड़ रुपये
भीमा सहकारी चीनी मिल    सोलापुर           126.38 करोड़ रुपये
श्री रामेश्वर सहकारी चीनी मिल    जालना           34.74 करोड़ रुपये
विश्वासराव नाईक सहकारी चीनी मिल    सांगली           65 करोड़ रुपये

कुल कर्ज: 564.54 करोड़ रुपये

बड़े राजनीतिक नेताओं से जुड़ी चीनी मिलें भी जांच के दायरे में

जांच की सूची में कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं से जुड़ी चीनी मिलें भी शामिल हैं। पुणे जिले की कर्मयोगी शंकरराव पाटील सहकारी चीनी मिल और नीरा-भीमा सहकारी चीनी मिल को मिलाकर कुल 225 करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया है। दोनों मिलें महाराष्ट्र के पूर्व सहकारिता मंत्री हर्षवर्धन पाटील से जुड़ीं हैं।

सोलापुर जिले की श्री शंकर सहकारी चीनी मिल पूर्व विधायक रणजीतसिंह मोहिते-पाटील के नेतृत्व वाली मिल है। वहीं भीमा सहकारी चीनी मिल (टाकली सिकंदर) भी जांच के दायरे में है, जो भाजपा सांसद धनंजय महाडिक से जुड़ी बताई जाती है। जालना जिले की श्री रामेश्वर सहकारी चीनी मिल का संबंध पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे-पाटील से है। वहीं सांगली जिले की विश्वासराव नाईक सहकारी चीनी मिल मानसिंगराव नाईक के नेतृत्व में संचालित होती है। नाईक सांगली जिला बैंक के अध्यश है, और एनसीपी (शरद पवार गुट) से जुड़े है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

राज्य के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने ‘चिनीमंडी’ से बातचीत में बताया कि, शुरुआती चरण में NCDC के माध्यम से चीनी मिलों को कार्यशील पूंजी और पूंजीगत खर्च के लिए दिए गए कर्ज का नियमों के अनुसार इस्तेमाल हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जांच पूरी होने के बाद कर्ज के उपयोग और पुनर्भुगतान से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here