नई दिल्ली: केवल प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने के बजाय चावल की रिकवरी में सुधार करने से राइस मिलर्स की कमाई में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। इंडियन राइस एक्सपोर्टर्स फेडरेशन (IREF) के अनुसार, 30,000 टन धान की प्रोसेसिंग करने वाली मिल में यदि टूटे चावल की जगह साबुत चावल की रिकवरी में सिर्फ एक प्रतिशत अंक का सुधार किया जाए, तो सालाना बिक्री में करीब 60 लाख रुपये की अतिरिक्त वृद्धि हो सकती है। यह अनुमान 20 रुपये प्रति किलोग्राम के मूल्य अंतर के आधार पर लगाया गया है और इसमें सुधार के लिए होने वाली लागत को शामिल नहीं किया गया है। इस विषय पर भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस (BIRC) 2026 में चर्चा होगी। सम्मेलन में उद्योग जगत मिलिंग मार्जिन और निवेश पर रिटर्न बढ़ाने के उपायों पर विचार करेगा।
24 अक्टूबर को होगा विशेष सत्र
BIRC 2026 के तहत “प्रॉफिटेबल राइस मिलिंग: कॉस्ट्स, प्लानिंग एंड मार्जिन इम्प्रूवमेंट” विषय पर विशेष सत्र 24 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। BIRC 2026 का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक होगा। इस सत्र में चावल प्रसंस्करण की तकनीक, प्लांट डिजाइन, रिकवरी, क्षमता की कमी और परिचालन लागत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। IREF के उपाध्यक्ष (बासमती) और महावीर राइस मिल के निदेशक दीपक गोयल ने कहा कि, अवसर केवल अधिक चावल प्रोसेस करने में नहीं, बल्कि हर टन धान से अधिक मूल्य हासिल करने में है। उन्होंने कहा कि, यह पहचानना जरूरी है कि किन क्षेत्रों में वास्तव में नई मिलिंग क्षमता की जरूरत है और कहां बेहतर सुखाने की व्यवस्था, रिकवरी, तकनीक या मौजूदा क्षमता के बेहतर उपयोग से अधिक रिटर्न हासिल किया जा सकता है।
2026-27 के लिए मॉडल राइस मिल की लागत होगी जारी
सम्मेलन में 2026-27 के लिए एक मॉडल राइस मिल की स्थापना लागत भी प्रस्तुत की जाएगी। इसमें जमीन और सिविल वर्क, मशीनरी, भंडारण, ड्राइंग सिस्टम, बॉयलर, बिजली, पानी, अपशिष्ट प्रबंधन, पैकेजिंग, प्रयोगशाला और स्थापना की लागत शामिल होगी। स्थायी निवेश, मौसमी कार्यशील पूंजी और कुल वित्तीय जरूरतों को अलग-अलग दर्शाया जाएगा।
करीब 6 लाख करोड़ रुपये के चावल बाजार पर नजर
यह आकलन ऐसे समय में सामने आया है जब देश की वार्षिक चावल फसल का अनुमानित थोक मूल्य करीब 6 लाख करोड़ रुपये है। BIRC में यह भी आकलन किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में अतिरिक्त मिलिंग क्षमता की वास्तविक जरूरत है और कहां मौजूदा मिलों को अपग्रेड करना नए संयंत्र लगाने की तुलना में अधिक लाभदायक विकल्प हो सकता है।
देश में करीब 30 हजार राइस मिलें
रिलीज में खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि अप्रैल 2024 तक देश में करीब 30,000 राइस मिलें संचालित थीं। सम्मेलन में मिलों की क्षमता के उपयोग, तकनीक के मिश्रण और क्षेत्रीय एकाग्रता का अध्ययन किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे धान उत्पादक क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां मिलिंग सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं और सुखाने, भंडारण, ग्रेडिंग तथा फिनिशिंग की सुविधाओं में कमी है।
आधुनिक तकनीकों से नुकसान कम करने पर जोर
कार्यक्रम में नियंत्रित सुखाने और टेम्परिंग, स्वचालित हस्किंग और व्हाइटनिंग, ऑप्टिकल सॉर्टिंग तथा इन-लाइन गुणवत्ता निगरानी जैसी आधुनिक तकनीकों का भी आकलन किया जाएगा। इन तकनीकों का उद्देश्य अनावश्यक नुकसान को कम करना, चावल की रिकवरी बढ़ाना और उत्पाद की गुणवत्ता में एकरूपता बनाए रखना है।
निवेश के लिए विशेषज्ञ देंगे दिशा
सत्र के अंत में विशेषज्ञों द्वारा यह तुलना प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है कि, कारोबारियों को किन परिस्थितियों में निवेश करना, विस्तार करना, मौजूदा प्लांट को अपग्रेड करना या परियोजना को टालना चाहिए। इस आकलन में धान की उपलब्धता, खरीदार, बिजली-पानी जैसी सुविधाएं, रिकवरी, क्षमता का उपयोग और वित्तीय संसाधन जैसे कारकों को ध्यान में रखा जाएगा।

















