विश्व बैंक ने भारत की FY27 विकास दर का अनुमान 6.6% से बढ़ाकर 7.1% किया

नई दिल्ली: विश्व बैंक ने भारत की अर्थव्यवस्था के लिए वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की विकास दर का अनुमान 6.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत कर दिया है। यह संशोधन उम्मीद से बेहतर आर्थिक गतिविधियों, मजबूत घरेलू मांग और निर्यात में मजबूती को देखते हुए किया गया है। हालांकि, विश्व बैंक ने वैश्विक स्तर पर बने जोखिमों को लेकर भी चेतावनी दी है। विश्व बैंक ने मंगलवार को जारी अपनी नवीनतम इंडिया डेवलपमेंट अपडेट में कहा कि, वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की मध्यम अवधि की आर्थिक विकास संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। हालांकि, रिपोर्ट में वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में बढ़ोतरी, अल नीनो और शेयर बाजारों में संभावित गिरावट को प्रमुख जोखिम बताया गया है। इन कारणों से पूंजी प्रवाह में अस्थिरता बढ़ सकती है।

दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भारत

ChiniMandi WhatsApp Channel

विकास दर के अनुमान में यह बढ़ोतरी भारत को दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में बनाए रखती है। विश्व बैंक के अनुसार, चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूत लचीलापन दिखाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, घरेलू मांग और मजबूत निर्यात आने वाले समय में भारत की आर्थिक वृद्धि के प्रमुख आधार बने रहेंगे।

AI भारत के लिए विकास और उत्पादकता का नया माध्यम

विश्व बैंक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भारत के लिए उत्पादकता और विकास को बढ़ावा देने वाले संभावित नए माध्यम के रूप में भी रेखांकित किया है। हालांकि, इसके व्यापक उपयोग के लिए सरकार को उचित नीतिगत कदम उठाने होंगे। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में निजी क्षेत्र का AI निवेश 2024 में 1.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2025 में 4.1 अरब डॉलर हो गया, यानी इसमें तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई। इसी अवधि में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) में कार्यरत पेशेवरों की संख्या भी 2024 के 19 लाख से बढ़कर 2025 में 23.6 लाख हो गई।

AI के क्षेत्र में भारत शीर्ष उभरती अर्थव्यवस्थाओं में

विश्व बैंक के भारत के कार्यवाहक कंट्री डायरेक्टर पॉल प्रोसी ने कहा कि AI को अपनाने की तैयारी के मामले में भारत शीर्ष 10 अग्रणी उभरते बाजारों में शामिल है। उन्होंने कहा कि, AI को केवल एक तकनीक के रूप में नहीं, बल्कि विकास के साधन के रूप में इस्तेमाल करना भारत के लिए उत्पादकता बढ़ाने और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार करने का एक प्रभावी माध्यम साबित हो सकता है।

AI के लिए बुनियादी ढांचे और कौशल विकास पर जोर

रिपोर्ट के अनुसार, भारत को AI के अनुकूल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, कारोबारी माहौल में सुधार करने, AI तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने और श्रमशक्ति की क्षमता बढ़ाने के लिए नीतिगत कदम उठाने की जरूरत होगी। इससे AI के लाभ समाज के अधिक व्यापक हिस्से तक पहुंचाए जा सकेंगे। हालांकि, विश्व बैंक ने यह भी कहा कि अर्थव्यवस्था और श्रम बाजार पर AI के दीर्घकालिक प्रभाव अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कर्मचारियों को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप तैयार करने और संक्रमण के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग देने के उपाय किए जाने चाहिए।

2026 में दक्षिण एशिया की विकास दर 6.9% रहने का अनुमान

विश्व बैंक ने कहा कि दक्षिण एशिया की अर्थव्यवस्था 2026 में 6.9 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। इसके साथ ही यह क्षेत्र दुनिया का सबसे तेज गति से बढ़ने वाला क्षेत्र बना रहेगा। रिपोर्ट में कहा गया कि दक्षिण एशिया में AI को व्यापक रूप से अपनाने के लिए छोटे व्यवसायों के सामने मौजूद बाधाओं को कम करना, स्थानीय नवाचार को बढ़ावा देना और ऐसे नियामक ढांचे तैयार करना जरूरी होगा, जो स्पष्टता प्रदान करने के साथ-साथ डेटा सुरक्षा और निजता की भी रक्षा करें।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here