बेलगावी (कर्नाटक): मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि, गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) तय करने का अधिकार राज्य सरकार के पास नहीं, बल्कि केवल केंद्र सरकार के पास है। किसान संगठनों ने गन्ने का एफआरपी 6,000 रुपये प्रति टन करने की मांग की है। द टाइम्स ऑफ़ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, जारकीहोली ने खानापुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। जारकीहोली ने कहा कि, कर्नाटक सरकार ने केंद्र सरकार को एक ज्ञापन भेजकर गन्ने के एफआरपी में बढ़ोतरी करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, हम हर साल केंद्र से एफआरपी बढ़ाने की मांग करते रहे हैं, लेकिन अभी तक इसमें कोई संशोधन नहीं किया गया है। इस साल एफआरपी में बढ़ोतरी की संभावना है। मंत्री ने बताया कि, इस मुद्दे पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकार को अभी तक कोई निमंत्रण नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि, आगे की प्रक्रिया तभी आगे बढ़ सकती है, जब चीनी मिलों और गन्ना किसानों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बन जाए। गन्ने के एफआरपी में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसानों की नजर अब केंद्र सरकार के फैसले पर है। एफआरपी में संशोधन होने पर इसका सीधा असर गन्ना किसानों को मिलने वाले भुगतान और चीनी मिलों की लागत पर पड़ सकता है।


















