चीनी वैज्ञानिकों ने बनाया दुनिया का पहला चावल का 3D स्पेसियो-टेम्पोरल लाइफसाइकिल सेल एटलस

साना/बीजिंग: चीनी वैज्ञानिकों ने चावल अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका सेल (Cell) में मंगलवार को प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, वैज्ञानिकों ने दुनिया का पहला 3D स्पेसियो-टेम्पोरल लाइफसाइकिल सेल एटलस तैयार किया है, जो चावल के पूरे जीवनचक्र को दर्शाता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, यह एटलस बीज के अंकुरण से लेकर फूल आने और दाने भरने तक चावल के विकास के विभिन्न चरणों में कोशिकाओं की स्थिति और उनके स्थान को समझने में मदद करेगा। इससे चावल की वृद्धि एवं विकास को समझने और दाने की गुणवत्ता में सुधार के लिए नए शोध के रास्ते खुलेंगे।

यह अध्ययन “A spatiotemporal lifecycle atlas decodes spatial coordination in rice” शीर्षक से किया गया है। शोध के लिए कई अनुसंधान संस्थानों ने मिलकर काम किया और इसका नेतृत्व दक्षिण चीन के हैनान प्रांत के सान्या स्थित याझोउ बे नेशनल लेबोरेटरी ने किया। शोधकर्ताओं ने जीनोम सीक्वेंसिंग, सिंगल-सेल सीक्वेंसिंग और स्पेशियल ट्रांसक्रिप्टोमिक्स जैसी तकनीकों को एक साथ इस्तेमाल कर चावल के विकास का व्यापक नक्शा तैयार किया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

शोधकर्ताओं ने बताया कि, मल्टीमॉडल डेटा को एकीकृत करके उन्होंने एक अनुमानित विकासात्मक ट्रेजेक्टरी ग्राफ तैयार किया, जो प्रारंभिक भ्रूण अवस्था से लेकर परिपक्व अंगों तक कोशिकाओं की अवस्थाओं को जोड़ता है और विकास से जुड़े नियामकों की पहचान करता है। इस एटलस में विभिन्न ऊतकों और विकास के अलग-अलग चरणों में विशिष्ट कार्यात्मक जीन कहां और कब सक्रिय होते हैं, इसकी सटीक जानकारी मिल सकती है। इससे अधिक और स्थिर उत्पादन वाली किस्में विकसित करने के लिए प्रिसिजन ब्रीडिंग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वैज्ञानिकों के लिए ओपन डेटाबेस और AI मॉडल

शोधकर्ताओं ने एक ओपन डेटाबेस और चावल के लिए सिंगल-सेल फाउंडेशन मॉडल भी तैयार किया है, जिसे दुनियाभर के वैज्ञानिक इस्तेमाल कर सकते हैं।इन उपकरणों के जरिए वैज्ञानिक जीन की खोज, अलग-अलग स्थानों पर जीन अभिव्यक्ति (Gene Expression) का विजुअलाइजेशन और तुलनात्मक विश्लेषण कर सकेंगे। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि किसी विशेष जीन का अलग-अलग ऊतकों और विकास के चरणों में व्यवहार कैसा होता है तथा आगे के प्रयोगों को किस दिशा में किया जाना चाहिए। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस एटलस और संबंधित डेटा की मदद से चावल के वांछित गुणों तथा जीन अभिव्यक्ति के बीच संबंध को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि एक चावल का पौधा बीज से विकसित होकर दाने वाली परिपक्व फसल में कैसे बदलता है।

सटीक प्रजनन तकनीक को मिलेगा बढ़ावा

अतीत में चावल की किसी एक विशेषता में बदलाव करने पर जटिल आनुवंशिक संबंधों के कारण दूसरी विशेषताओं पर भी अनचाहा असर पड़ने का जोखिम रहता था। अब इस एटलस और मॉडल की मदद से वैज्ञानिक अधिक लक्षित और सटीक आनुवंशिक सुधार कर सकेंगे। इससे अवांछित प्रभावों को कम करने और फसल के गुणों को अधिक नियंत्रित तरीके से विकसित करने में मदद मिल सकती है। चाइनीज एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज के रूरल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के शोधकर्ता ली गुओशियांग ने ‘ग्लोबल टाइम्स’ से कहा कि, बीज उद्योग राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण संसाधन है। उनके अनुसार, स्वतंत्र और मजबूत बीज उद्योग के बिना अनाज उत्पादन बढ़ाना और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना मुश्किल होगा।

सान्या का नैनफैन ‘सिलिकॉन वैली’ बना प्रमुख केंद्र

याझोउ बे नेशनल लेबोरेटरी को सान्या स्थित नैनफैन ‘सिलिकॉन वैली’ का प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र माना जाता है। यह क्षेत्र बीज उद्योग में वैश्विक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच और बीज क्षेत्र में सुधार एवं विकास के प्रयोग के रूप में विकसित किया जा रहा है। चीन के प्रमुख शोध संस्थानों और अग्रणी बीज कंपनियों ने यहां अपने केंद्र स्थापित किए हैं। इससे अत्याधुनिक ब्रीडिंग तकनीकों को बढ़ावा मिला है और नई फसल किस्मों के विकास की प्रक्रिया तेज हुई है। नैनफैन उस कृषि पद्धति को कहा जाता है, जिसमें चीन के गर्म दक्षिणी क्षेत्र की जलवायु का उपयोग कर एक वर्ष में बीज की कई पीढ़ियां तैयार की जाती हैं। इससे नई किस्मों के विकास का समय कम किया जा सकता है।

हैनान में चावल उत्पादन में भी बढ़ोतरी

हैनान के कृषि विभाग के अनुसार, इस वर्ष प्रांत में शुरुआती चावल की बुवाई का क्षेत्रफल 17.16 लाख म्यू (लगभग 1.14 लाख हेक्टेयर) रहा। औसत उपज 404.97 किलोग्राम प्रति म्यू रही, जबकि कुल उत्पादन करीब 6.95 लाख टन दर्ज किया गया। इस तरह हैनान में चावल के बुवाई क्षेत्र, प्रति इकाई उपज और कुल उत्पादन—तीनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस सफलता में सान्या की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। क्षेत्र ने Nanfan बीज उद्योग की क्षमताओं का उपयोग करते हुए चावल और अन्य फसलों की नई किस्मों तथा बीज अनुसंधान को बढ़ावा देने में योगदान दिया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here