कलबुर्गी : गन्ने का उचित मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कर्नाटक राज्य रायथा संघ और ग्रीन ब्रिगेड ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। द हिंदू में प्रकाशित खबर के अनुसार, संगठन ने कहा है कि, यदि केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने वाली बैठक में किसानों की मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं हुआ, तो 13 अक्टूबर से राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रीय राजमार्गों को अनिश्चितकालीन जाम किया जाएगा।
गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन की मांग
संगठन के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष महेशगौड़ा सुबेदार ने शुक्रवार को कलबुर्गी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि, गन्ना उत्पादकों को उचित मूल्य दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। किसान संगठन ने 9.25 प्रतिशत रिकवरी दर के आधार पर गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन की कीमत देने की मांग की है। इसके साथ ही गन्ने की कटाई के 14 दिनों के भीतर किसानों को भुगतान करने और देरी होने पर 15 प्रतिशत ब्याज देने की मांग भी की गई है।
कटाई और परिवहन का खर्च मिलें उठाएं
महेशगौड़ा सुबेदार ने कहा कि, गन्ने की कटाई और परिवहन का खर्च चीनी मिलों को वहन करना चाहिए, न कि इसका बोझ किसानों पर डाला जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि, गन्ना कटाई मजदूर किसानों से अतिरिक्त 8,000 से 10,000 रुपये तक वसूल रहे हैं। यदि ऐसी स्थिति बनी रहती है, तो इन मजदूरी खर्चों की जिम्मेदारी चीनी मिलों को उठानी चाहिए। किसानों ने गन्ने के वजन में होने वाली संभावित अनियमितताओं को रोकने के लिए सभी कृषि उपज मंडी समितियों (APMC) में डिजिटल तौल मशीनें लगाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इससे गन्ने के सही वजन का रिकॉर्ड रखने और किसानों के हितों की रक्षा करने में मदद मिलेगी।
चीनी के साथ अन्य उत्पादों की कमाई भी हो शामिल
किसान संगठन ने उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) तय करने की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। संगठन के अनुसार, गन्ने का मूल्य निर्धारित करते समय चीनी मिलों की कुल कमाई को ध्यान में रखा जाना चाहिए, न कि केवल चीनी की कीमत को आधार बनाया जाना चाहिए। सुबेदार ने कहा कि, चीनी मिलों को चीनी के अलावा इथेनॉल, शीरा, खोई और बिजली उत्पादन से भी आय होती है। इसलिए इन सभी उत्पादों से होने वाली कमाई को गन्ना उत्पादकों को मिलने वाले मूल्य के निर्धारण में शामिल किया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश की तर्ज पर राज्य परामर्श मूल्य की मांग
संगठन ने कर्नाटक में भी गन्ने के लिए राज्य परामर्श मूल्य (SAP) लागू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों की व्यवस्था के अनुरूप किसानों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने पर विचार किया जाना चाहिए। इसके अलावा, कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (CACP) से राज्य के कृषि और बागवानी विभागों के साथ मिलकर विभिन्न फसलों की वास्तविक उत्पादन लागत का आकलन करने की मांग की गई है। संगठन के मुताबिक, इस आकलन में जमीन का किराया, सिंचाई के लिए लिए गए कर्ज पर ब्याज और खेती से जुड़े अन्य खर्चों को भी शामिल किया जाना चाहिए, ताकि किसानों को उनकी लागत के अनुरूप उचित मूल्य मिल सके।
12 अक्टूबर की बैठक पर किसानों की नजर
महेशगौड़ा सुबेदार ने कहा कि 12 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में होने वाली बैठक में गन्ना उत्पादकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। यदि बैठक में किसानों की मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं हुआ, तो 13 अक्टूबर से कर्नाटक के जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रीय राजमार्गों को अनिश्चितकालीन जाम करने का आंदोलन शुरू किया जाएगा। अब इस बैठक में सरकार की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है और किसानों की मांगों पर क्या सहमति बनती है, इस पर गन्ना उत्पादकों की नजरें टिकी हैं।


















