
नई दिल्ली : पेप्सिको इंडिया अपने पेय पदार्थों में चीनी की मात्रा कम करने और शून्य चीनी वाले विकल्पों का विस्तार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। कंपनी की कुल पेय बिक्री में फिलहाल कम चीनी और शून्य चीनी वाले उत्पादों की हिस्सेदारी लगभग 73-74% है। कंपनी का लक्ष्य अगले 18 महीनों में इसे बढ़ाकर करीब 90% तक पहुंचाना है। द हिंदू बिजनेसलाइन में प्रकाशित खबर के मुताबिक, यह कदम उपभोक्ताओं की बदलती पसंद को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है।स्नैक्स और पेय पदार्थों के क्षेत्र में भारत पेप्सिको के लिए एक प्रमुख बाजार है। कंपनी कम चीनी वाले विकल्पों की बढ़ती मांग को देखते हुए अपने उत्पादों में बदलाव और नए उत्पादों के विकास पर जोर दे रही है।
उत्पाद पोर्टफोलियो में बदलाव की प्रक्रिया तेज
पेप्सिको इंडिया और दक्षिण एशिया में पेय कारोबार के उपाध्यक्ष एवं महाप्रबंधक नितिन भंडारी ने बताया कि, कंपनी ने पिछले 18 महीनों के दौरान अपने उत्पाद पोर्टफोलियो में बदलाव की प्रक्रिया तेज की है। एक साल से कुछ अधिक समय पहले तक कम और शून्य चीनी वाले उत्पाद कंपनी की पेय बिक्री का लगभग आधा हिस्सा थे, जो अब बढ़कर करीब तीन-चौथाई हो गया है। कंपनी को उम्मीद है कि, अगले डेढ़ साल में यह बदलाव और तेजी से आगे बढ़ेगा।
शून्य चीनी वाले पेय पदार्थों की मांग में तेजी
भंडारी के अनुसार, पेय उद्योग में भी शून्य चीनी वाले उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस श्रेणी में लगभग 40% की वृद्धि दर्ज की जा रही है। इस बढ़ती मांग को देखते हुए पेप्सिको ने पेप्सी, 7अप, गेटोरेड, माउंटेन ड्यू और निम्बूज़ जीरा सोडा जैसे कई ब्रांडों में शून्य चीनी वाले विकल्प पेश किए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने अपने कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक पोर्टफोलियो में भी बदलाव किए हैं। पेप्सी, 7अप और माउंटेन ड्यू जैसे पेय पदार्थों के कम चीनी वाले विकल्प तैयार किए गए हैं। भंडारी के मुताबिक, इन उत्पादों में प्रति सर्विंग 100 कैलोरी से कम होती है और इनके मूल स्वाद को बरकरार रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि कम चीनी वाले उत्पादों के विकास में भारत में कंपनी की अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) क्षमताओं के साथ-साथ स्वीटनर और विभिन्न सामग्रियों के मिश्रण से जुड़ी उसकी विशेष विशेषज्ञता की अहम भूमिका रही है।
बदलती पसंद के अनुरूप कारोबार की रणनीति
भंडारी के अनुसार, उत्पादों में बदलाव कंपनी की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं की बदलती आदतों को पहले से समझना और भविष्य में कारोबार की निरंतर वृद्धि के लिए मजबूत आधार तैयार करना है। कंपनी उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप उत्पाद विकसित करने और पेय बाजार का विस्तार करने को अपनी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानती है।
घरों में बढ़ रही बोतलबंद सॉफ्ट ड्रिंक्स की पहुंच
इस बीच, घरों में बोतलबंद सॉफ्ट ड्रिंक्स की पहुंच भी बढ़ रही है। वर्ल्डपैनल बाय कांतार के आंकड़ों के अनुसार, इस साल मार्च से मई के दौरान घरों में इस श्रेणी की पहुंच 44.1% दर्ज की गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। पेप्सिको का मानना है कि शहरी और ग्रामीण, दोनों बाजारों में घरेलू स्तर पर पेय पदार्थों की खपत बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। भंडारी ने बताया कि, ग्रामीण भारत पहले से ही कंपनी की वृद्धि में करीब आधा योगदान दे रहा है। इससे बड़े शहरों के बाहर के बाजारों का महत्व स्पष्ट होता है। कम और शून्य चीनी वाले उत्पादों पर बढ़ता जोर तथा घरों में पेय पदार्थों की खपत बढ़ाने की कोशिशें संकेत देती हैं कि, पेप्सिको इंडिया अपनी कारोबारी रणनीति में व्यापक बदलाव कर रही है। कंपनी का लक्ष्य भारत में उभरते अवसरों का लाभ उठाते हुए उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों के अनुरूप अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करना है।














