नारियल के रस से चीनी बनाने की लागत 53.4% तक घटा सकती है नई तकनीक; आईसीएआर-सीपीसीआरआई ने विकसित किया पोर्टेबल इलेक्ट्रिक कंसंट्रेटर

तिरुवनंतपुरम : केरल के कासरगोड स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय बागान फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-सीपीसीआरआई) ने एक पोर्टेबल इलेक्ट्रिक कंसंट्रेटर विकसित किया है। इस तकनीक की मदद से नारियल के रस से चीनी बनाने की लागत में 53.4% तक की कमी आ सकती है। द हिंदू में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस उपकरण की मदद से पेड़ से रस निकालने के तुरंत बाद, उसी स्थान पर उसे गाढ़ा किया जा सकता है। इस तकनीक से नारियल के रस को स्वच्छ तरीके से एकत्र करने और शुरुआती चरण में गर्म करके उसका पानी कम करने में मदद मिलेगी। इससे रस को ठंडा रखने की जरूरत घटेगी और आगे की प्रक्रिया में भी कम खर्च आएगा। इस तकनीक को कोच्चि स्थित नारियल विकास बोर्ड (सीडीबी) की वित्तीय सहायता से विकसित किया गया है।

संयुक्त रूप से मिला पेटेंट

ChiniMandi WhatsApp Channel

आईसीएआर-सीपीसीआरआई के निदेशक के. बालचंद्र हेब्बार ने ‘द हिंदू’ को बताया कि, इस तकनीक का पेटेंट संस्थान और नारियल विकास बोर्ड को संयुक्त रूप से मिला है। इसका नाम ‘ए पोर्टेबल इलेक्ट्रिक पाम टॉप कंसंट्रेटर’ रखा गया है और इसका पेटेंट नंबर 591074 है। हाल ही में सीपीसीआरआई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नारियल विकास बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपा नायर ने इस उपकरण का शुभारंभ किया।

नारियल के रस को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती

नारियल के फूलों के गुच्छे से एकत्र किया जाने वाला रस प्राकृतिक पेय है।इसमें शर्करा, खनिज और अन्य पोषक तत्व मौजूद होते हैं। हालांकि, इसमें शर्करा की मात्रा अधिक होने के कारण सामान्य तापमान पर इसका किण्वन शुरू हो सकता है। इससे रस के संग्रह, परिवहन, भंडारण और प्रसंस्करण में कई चुनौतियां आती हैं। इससे पहले आईसीएआर-सीपीसीआरआई ने नारियल के रस की ताजगी बनाए रखने के लिए उसे ठंडा रखने वाला चिलर विकसित किया था। लेकिन लगातार शीतलन व्यवस्था बनाए रखने में काफी ऊर्जा खर्च होती है, जिससे उत्पादन लागत बढ़ जाती है। नई तकनीक इस समस्या का समाधान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए रस को पेड़ से निकालने के तुरंत बाद वहीं शुरुआती स्तर पर गाढ़ा किया जा सकता है। यह उपकरण बिजली से चलता है और इसे सौर ऊर्जा प्रणाली से भी जोड़ा जा सकता है। इससे रेफ्रिजरेशन पर निर्भरता कम होने की संभावना है।

स्वच्छ और पोर्टेबल डिजाइन

इस कंसंट्रेटर को छोटा, आसानी से ले जाने योग्य और स्वच्छता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें दोहरी परत वाला इन्सुलेटेड बाहरी पात्र और खाद्य-उपयोग के लिए सुरक्षित सामग्री से बना अंदरूनी कंटेनर है।पेड़ पर काटे गए पुष्पक्रम से ताजा रस एक विशेष खाद्य-ग्रेड पाइप के जरिए सीधे हीटिंग चैंबर में पहुंचता है। इससे रस का बाहरी दूषित पदार्थों के संपर्क में आने का खतरा कम होता है।इस प्रणाली में स्टील में जड़ा हुआ इमर्शन हीटर लगाया गया है, जो तापमान को 85 से 90 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखता है। नियंत्रित तापमान पर रस में मौजूद पानी वाष्पित होता है और उसका आयतन कम हो जाता है। इसके बाद रस को आगे की प्रक्रिया के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।उपकरण के ढक्कन में जलरोधी और गर्मी सहने वाला इलेक्ट्रिकल सॉकेट, तापमान और स्तर मापने वाले सेंसर तथा रस के प्रवेश और निकास की व्यवस्था है। ताजा रस को उपकरण में डालने के लिए विशेष रूप से तैयार स्पैडिक्स होल्डर भी इसमें शामिल है।

उत्पादन लागत में 53.4% तक की कमी

आर्थिक तुलना से पता चला है कि इस तकनीक से नारियल की चीनी बनाने में ऊर्जा और ईंधन पर होने वाला खर्च काफी कम किया जा सकता है।हेब्बार के अनुसार, पेड़ के शीर्ष पर लगाए जाने वाले इस कंसंट्रेटर की मदद से 30 लीटर नारियल के रस को संसाधित करके लगभग 4.5 किलोग्राम चीनी बनाने में ऊर्जा और ईंधन पर 294.44 रुपये खर्च होते हैं। वहीं, पारंपरिक तरीके में रस को पहले ठंडा रखने की प्रक्रिया के साथ इतनी ही चीनी बनाने की लागत 632.02 रुपये आती है।उन्होंने बताया कि इस तकनीक के इस्तेमाल से नारियल की चीनी की अनुमानित उत्पादन लागत पारंपरिक शीतलन-आधारित प्रक्रिया में लगभग 140.45 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 65.43 रुपये प्रति किलोग्राम रह सकती है। यानी उत्पादन लागत में करीब 53.4% की कमी संभव है।यह तकनीक नारियल उत्पादकों और प्रसंस्करण उद्योग के लिए लागत घटाने का एक उपयोगी विकल्प बन सकती है। खासकर उन क्षेत्रों में, जहां नारियल की खेती बड़े पैमाने पर होती है और रस को सुरक्षित रखने तथा परिवहन करने में अधिक खर्च आता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here