नाइजीरिया : चीनी उत्पादन बढ़ाने के लिए 7.1 अरब डॉलर का निवेश; 10 साल में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य

अबुजा : नाइजीरिया ने चीनी के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के लिए अगले 10 वर्षों में 7.1 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बनाई है। इस पहल के तहत देश का लक्ष्य सालाना 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक चीनी का उत्पादन करना, 4.1 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा बचाना और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1.10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करना है। इस योजना के जरिए आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू चीनी उद्योग को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

वर्तमान में नाइजीरिया में हर साल लगभग 18 लाख टन चीनी की खपत होती है। घरेलू खपत की 97% से अधिक चीनी आयातित कच्ची चीनी को रिफाइन करके प्राप्त की जाती है। नेशनल शुगर डेवलपमेंट काउंसिल (NSDC) का लक्ष्य देश में चीनी का घरेलू उत्पादन मौजूदा करीब 27,000 टन सालाना से बढ़ाना है। इसके साथ ही एक लाख से अधिक नहीं, बल्कि 10 लाख से अधिक लोगों की आजीविका को समर्थन देने और हर साल ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में अनुमानित 20 लाख टन की कमी लाने की भी योजना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी उत्पादन बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख पहल

NSDC के कार्यकारी सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमर बकरिन ने अबुजा में इस योजना की तीन प्रमुख पहलों की जानकारी दी।

1. गन्ना उत्पादक किसानों को बढ़ावा

पहली पहल के तहत ‘शुगरकेन आउटग्रोअर डेवलपमेंट प्रोग्राम’ शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों के माध्यम से 11,000 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती विकसित करना और सालाना 8.80 लाख टन गन्ने का उत्पादन करना है। अब तक लगभग 7,000 हेक्टेयर भूमि की पहचान की जा चुकी है। अगले वर्ष शुरुआती चरण में 1,220 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की बुवाई की योजना है। इस पहल से देश में चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़कर लगभग एक लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है।

2. मौजूदा चीनी मिलों की उत्पादन क्षमता बढ़ाना

दूसरी पहल के तहत नाइजीरिया शुगर मास्टर प्लान के ‘बैकवर्ड इंटीग्रेशन प्रोग्राम’ के अंतर्गत पहले से काम कर रहे तीन चीनी उत्पादकों की उत्पादन क्षमता का विस्तार किया जाएगा। इन तीनों कंपनियों का संयुक्त लक्ष्य सालाना 12 लाख टन चीनी का उत्पादन करना है। इसके लिए लगभग 1.07 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने के बागान विकसित करने और प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने की योजना है। आवश्यक भूमि का लगभग 85% हिस्सा सुरक्षित किया जा चुका है।

3. आठ राज्यों में 10 नई चीनी परियोजनाएं

तीसरी पहल के तहत आठ राज्यों में 10 नई चीनी परियोजनाओं के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जाएगा। इन परियोजनाओं में 1.40 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र शामिल होगा और इनसे सालाना 3.35 लाख टन चीनी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इन परियोजनाओं से चीनी के अलावा इथेनॉल और बिजली उत्पादन के जरिए अतिरिक्त आय अर्जित करने की भी उम्मीद है। परिषद के अनुसार, आत्मनिर्भरता के लिए अनुमानित 2.50 लाख हेक्टेयर भूमि की जरूरत के मुकाबले अब तक करीब 12 लाख हेक्टेयर उपयुक्त भूमि की पहचान की गई है।

लंबी अवधि के वित्तपोषण पर रहेगा जोर

चीनी उद्योग की परियोजनाओं में बड़ी पूंजी और लंबे समय की जरूरतों को देखते हुए इस कार्यक्रम के लिए मुख्य रूप से दीर्घकालिक कर्ज और विकास वित्त का सहारा लिया जाएगा। परिषद का मानना है कि सामान्य वाणिज्यिक ऋण, लंबे समय में विकसित होने वाली और अधिक पूंजी मांगने वाली चीनी परियोजनाओं के लिए उपयुक्त नहीं हैं। NSDC ने चीन की कंपनी SINOMACH के साथ एक अरब डॉलर का समझौता किया है। इसमें इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण और वित्तपोषण से जुड़ी सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा, परिषद बैंक ऑफ इंडस्ट्री के साथ मिलकर 10 अरब नाइजीरियाई नायरा का कोष विकसित कर रही है। इसका इस्तेमाल परियोजनाओं की व्यवहार्यता संबंधी अध्ययन और शुरुआती विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।

गन्ने के प्रमाणित बीजों की उपलब्धता बढ़ाने की तैयारी

गन्ने की प्रमाणित रोपण सामग्री की कमी दूर करने के लिए परिषद क्वारा, कानो और ओयो राज्यों में 222 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना बीज फार्म विकसित कर रही है। इसके अतिरिक्त 122 हेक्टेयर क्षेत्र में भी ऐसे फार्म स्थापित करने की योजना है। इन फार्मों से 2026-27 के सीजन के लिए 18,000 टन से अधिक प्रमाणित रोपण सामग्री उपलब्ध कराने की उम्मीद है। परिषद गन्ने के प्रसार की दक्षता बढ़ाने के लिए ‘बड-चिप तकनीक’ भी अपना रही है।

तकनीकी प्रशिक्षण और निगरानी पर जोर

NSDC ने वर्ष 2026 में गन्ने की खेती के वैज्ञानिक प्रबंधन और खेतों में कामकाज से संबंधित प्रशिक्षण के लिए 95 पेशेवरों को प्रशिक्षित किया है। इसके साथ ही परिचालन दक्षता बढ़ाने और निवेश से जुड़ी प्रतिबद्धताओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्वचालन, डिजिटल निगरानी और प्रदर्शन प्रबंधन प्रणाली लागू की जा रही है। बकरिन ने कहा कि, कार्यक्रम की प्रगति का आकलन घरेलू चीनी उत्पादन में वृद्धि, निवेश की निरंतरता और आयात पर निर्भरता में कमी के आधार पर किया जाएगा। इस योजना को केंद्र सरकार, राज्य प्रशासन, उद्योग संचालकों, किसानों और स्थानीय समुदायों का समर्थन मिला है। नाइजीरिया को उम्मीद है कि दीर्घकालिक निवेश, गन्ने की खेती के विस्तार और नई प्रसंस्करण परियोजनाओं के माध्यम से देश अपने चीनी उद्योग को मजबूत कर सकेगा और आयात पर निर्भरता कम कर पाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here