बस्ती: गन्ना किसानों की शिकायत के बाद जिला गन्ना अधिकारी ने टीम के साथ शिवपुर गांव पहुंचकर गन्ने की किस्मों की जांच की। टीम ने किसानों के खेतों में जाकर गन्ने की प्रजातियों का सत्यापन किया। इस दौरान किसानों ने एक-दूसरे पर पक्षपात करने के आरोप भी लगाए। रविवार को जिला गन्ना अधिकारी जगभान सिंह भदौरिया टीम के साथ गांव के अशोक सिंह और ध्रुवनारायण सिंह के गन्ने के खेतों में पहुंचे। यहां गन्ने की किस्मों की जांच की गई।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि जांच किए गए खेतों में कमियां पाई गई हैं। अशोक सिंह के खेत में 94184 प्रजाति का गन्ना लगा हुआ है, जबकि सर्वे में इसे 5191 प्रजाति दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि 5191 गन्ने की रिजेक्ट श्रेणी की प्रजाति है।कृषि वैज्ञानिक के अनुसार, शुरुआती जांच में केवल 40 प्रतिशत खेतों में ही गन्ने की प्रजातियों का विवरण सही पाया गया है। शेष खेतों में प्रजातियों के विवरण में गड़बड़ी सामने आई है।
जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।वहीं, किसान गगन सिंह ने बताया कि हर साल गन्ने की बुवाई की जाती रही है। किसानों का सवाल है कि यदि पिछले वर्ष किसी किसान के गन्ने को सर्वे में रिजेक्ट श्रेणी में दर्ज नहीं किया गया था, तो इस बार पेड़ी के गन्ने को रिजेक्ट श्रेणी में कैसे रखा गया?इस मामले को लेकर किसानों के बीच चर्चा बनी हुई है। अब जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


















