बेलगावी (कर्नाटक): गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर कर्नाटक के गन्ना किसानों ने मंगलवार को बेलगावी जिले के हिरेबागेवाड़ी और हत्तरगी में पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपनी विभिन्न मांगें रखीं और केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी के इस्तीफे की मांग की। किसानों की प्रमुख मांगों में चीनी का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर ₹60 प्रति किलो करना, गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) बढ़ाकर ₹5,500 प्रति टन करना तथा चीनी मिलों में गन्ने की तौल और रिकवरी आकलन की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना शामिल है। इसके अलावा, कर्नाटक में गन्ने और मक्के से उत्पादित एथेनॉल की खरीद बढ़ाने तथा घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए चीनी की अलग-अलग कीमतें निर्धारित करने की मांग भी की गई।
किसानों की अन्य मांगों में सार्वजनिक, सहकारी और निजी चीनी मिलों में किसानों को शेयरधारक का दर्जा देने के लिए कानून बनाना शामिल है। उनका कहना है कि चीनी, शीरा, एथेनॉल, सह-उत्पादित बिजली, ऑक्सीजन, जैविक खाद, प्रेसमड और अन्य उप-उत्पादों की बिक्री से होने वाला मुनाफा किसानों के साथ साझा किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकार की निगरानी में कम्प्यूटरीकृत तौल कांटों की स्थापना और उनकी नियमित निगरानी करने की मांग भी रखी। साथ ही, पूरे राज्य के लिए गन्ना कटाई और परिवहन का एक निर्धारित कैलेंडर बनाने तथा जिला प्रशासन के माध्यम से इसे सख्ती से लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों के समूह कई किलोमीटर तक पैदल चले और एक के पीछे एक वाहन रोककर राजमार्ग पर यातायात बाधित कर दिया। भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई, जबकि आपात स्थिति का हवाला देने वाले दोपहिया वाहनों और कारों को सर्विस रोड से जाने की अनुमति दी गई। कई किसानों ने सड़क पर ही रात बिताई और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नीतियां बनाते समय किसानों के हितों को प्राथमिकता नहीं दी।
किसानों ने प्रल्हाद जोशी के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि, उन्होंने किसान नेताओं को बैठक के लिए नई दिल्ली बुलाया, लेकिन उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुना। किसानों का कहना है कि इस व्यवहार से किसान नेताओं का अपमान हुआ है। प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने सड़क पर लोटकर ‘उरुलु सेवा’ की। कुछ प्रदर्शनकारी हाथों में कोड़े और झाड़ू लेकर पहुंचे तथा किसान एकता के समर्थन और केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए।राजमार्ग के किनारे किसानों ने प्रदर्शन के लिए तंबू लगाया है। दूर-दराज के इलाकों से आए किसान वहां एकत्र हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के लिए तंबू में पानी, चाय और रोटी-सब्जी की व्यवस्था की गई है। किसानों ने टोल प्लाजा पर बैलगाड़ियां और ट्रैक्टर भी खड़े कर दिए हैं। हिरेबागेवाड़ी और हत्तरगी के टोल प्लाजा पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।

















