कर्नाटक : गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर बीदर बंद; किसानों ने सड़कें रोककर किया प्रदर्शन

बीदर : बीदर जिले में गन्ना उत्पादक किसानों ने गुरुवार को गन्ने का भाव 4,000 रुपये प्रति टन करने की मांग को लेकर बंद और रास्ता रोको आंदोलन किया। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्नाटक राज्य रायथा संघ, सर्वोदय किसान पार्टी, भाजपा और जेडीएस के नेताओं तथा स्थानीय किसान समन्वय समितियों ने सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बीदर बंद का आह्वान किया था।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीदर-रायचूर राजमार्ग पर रास्ता रोका और प्रमुख चौराहों तथा चीनी मिलों के आसपास विरोध प्रदर्शन किया। बीदर दक्षिण क्षेत्र के मन्हल्ली स्थित भवानी शुगर फैक्ट्री के आसपास भी किसानों ने प्रदर्शन किया। इसके अलावा मुंबई-हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 65 पर मंगलागी टोल प्लाजा के पास भी आंदोलनकारियों ने विरोध जताया।बीदर के किसान गन्ने के लिए 4,000 रुपये प्रति टन की मांग कर रहे हैं। वहीं, कर्नाटक के अन्य हिस्सों में चल रहे गन्ना आंदोलनों में इससे अधिक दर की मांग की जा रही है। कुछ किसान संगठनों ने 5,500 रुपये प्रति टन तक भाव देने की मांग उठाई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कई दिनों से जारी है किसानों का आंदोलन

गन्ने के उचित दाम की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है। इससे पहले किसानों ने धरना प्रदर्शन और रातभर धरणे देकर अपना विरोध दर्ज कराया था। चीनी कारखाना मालिकों और सरकारी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। कर्नाटक के विभिन्न जिलों के गन्ना उत्पादक किसानों ने राज्य सरकार को 26 नवंबर 2026 तक गन्ने के उचित मूल्य और चीनी तथा इथेनॉल नीति से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लेने का अल्टीमेटम दिया है।

इस आंदोलन में जेडीएस के जिला अध्यक्ष रमेश पाटिल सोलापुर, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमनाथ पाटिल, किसान नेता मल्लिकार्जुन स्वामी और शिवराज पाटिल अतीवाल के साथ अशोक कोडगे, शशि होसली, पीरप्पा यारनल्ली और सज्जाद साहेब सहित कई नेता और किसान शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी है कि सरकार और चीनी कारखाना प्रबंधन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here