बेलगावी/हुब्बल्ली: गन्ने और चीनी के उचित दाम की मांग को लेकर किसानों का दो दिवसीय रास्ता रोको आंदोलन बुधवार रात समाप्त हो गया। आंदोलन के दूसरे दिन के समापन के बाद गन्ना किसानों ने केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी के गृह क्षेत्र हुब्बल्ली की ओर ‘हुब्बल्ली चलो’ पदयात्रा शुरू की। किसानों का कहना है कि, वे मंत्री के गृह क्षेत्र में पहुंचकर उनसे न्याय की मांग करेंगे।
किसानों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जारी रास्ता रोको आंदोलन वापस लेने और इसके बजाय केंद्रीय मंत्री के आवास के सामने प्रदर्शन करने की घोषणा की। इसके बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन पर यातायात बहाल करना शुरू कर दिया। छह लेन वाले राजमार्ग की एक तरफ से वाहनों को बारी-बारी से गुजरने दिया जा रहा है। संकेत हैं कि आधी रात तक राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।
किसान नेता चुनप्पा पुजेरी, शशिकांत पडसलगी गुरुजी और अन्य नेताओं के नेतृत्व में किसानों ने हत्तरगी टोल प्लाजा से हुब्बल्ली तक लगभग 125 किलोमीटर की पदयात्रा शुरू की। किसान पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग के एक किनारे से पैदल आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ने का उचित मूल्य देने की मांग की।
उपायुक्त की पहल के बाद निकला समाधान
किसानों के आंदोलन में उस समय सकारात्मक पहल हुई, जब उपायुक्त मोहम्मद रोशन ने किसानों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाएगी। उपायुक्त ने किसानों की फोन पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से भी बात कराई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके साथ है और उनके हितों की रक्षा करेगी।
गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन और चीनी के लिए 60 रुपये प्रति किलो की मांग
किसान चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) और गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में संशोधन की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में गन्ने के लिए 5,500 रुपये प्रति टन और चीनी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित करना शामिल है। इसके अलावा, किसानों ने घरेलू उपभोग और औद्योगिक उपयोग के लिए चीनी की अलग-अलग कीमतें तय करने, चीनी नियंत्रण आदेश को सख्ती से लागू करने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। किसानों की अन्य मांगों में चीनी कारखानों में गन्ने की कटाई, तौल और रिकवरी का आकलन राज्य सरकार की निगरानी में कराना तथा चीनी मिलों द्वारा उप-उत्पादों की बिक्री से होने वाले मुनाफे में किसानों को हिस्सा देना शामिल है।
तीन से चार दिनों में हुब्बल्ली पहुंचने की योजना
किसान नेता चुनप्पा पुजेरी ने पत्रकारों को बताया कि पदयात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर रुककर स्थानीय किसानों को संबोधित किया जाएगा। हुब्बल्ली पहुंचने के रास्ते में काकती, बागेवाड़ी, कित्तूर और धारवाड़ में पड़ाव डालने की योजना है। उन्होंने कहा, हुब्बल्ली पहुंचने में तीन से चार दिन लग सकते हैं। तब तक केंद्र सरकार को हमारी मांगों पर जवाब देना चाहिए।किसानों ने स्पष्ट किया कि उचित मूल्य और अन्य मांगों पर ठोस निर्णय होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।


















