लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए 52 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर चीनी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी की कीमतों की समीक्षा के लिए चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को चीनी खरीदने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने जनता को मात्र 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। उपभोक्ता लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम/सहकारी चीनी मिल संघ के चीनी बिक्री केंद्र से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
विभाग के अनुसार, चीनी के विभिन्न पैकेटों की कीमतें इस प्रकार निर्धारित की गई हैं:
1 किलो पैकेट: 52 रुपये
2 किलो पैकेट: 102 रुपये
5 किलो पैकेट: 250 रुपये
50 किलो पैकेट: 2,500 रुपये
हर कार्यदिवस सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मिलेगी सुविधा
विभाग ने बताया कि चीनी की यह विशेष बिक्री प्रत्येक कार्यदिवस नियमित रूप से जारी रहेगी। नागरिक गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित बिक्री केंद्र पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पहुंचकर चीनी खरीद सकते हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा और सुचारु खरीदारी सुनिश्चित करने के लिए बिक्री केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। लोग अपनी दैनिक जरूरतों के अनुसार चीनी खरीद सकेंगे।
आम जनता से योजना का लाभ उठाने की अपील
गन्ना विकास विभाग ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नागरिकों से इस जनकल्याणकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में विभाग ने भविष्य में भी आम जनता को इसी तरह राहत पहुंचाने वाली व्यावहारिक योजनाएं लागू करने की प्रतिबद्धता जताई है। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को उचित दरों पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना और उनकी परेशानियों को कम करना है।



















phle 40 rupay kilo thi