धारवाड़ : विधान परिषद चुनाव होने के तुरंत बाद राज्य सरकार गन्ना किसानों के हित में फैसला लेगी। कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। क्षेत्र में गन्ना उत्पादकों का आंदोलन तेज होने के बीच उन्होंने किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा जताया। धारवाड़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री रायरेड्डी ने कहा कि, राज्य सरकार गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि, आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण फिलहाल गन्ने का भाव घोषित करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि, गन्ना मूल्य निर्धारण के मुद्दे पर राज्य के गन्ना मंत्री, मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और केंद्रीय मंत्री गंभीरता से चर्चा कर रहे हैं। रायरेड्डी ने कहा, चुनाव संपन्न होते ही हमारी सरकार किसानों के हित में फैसला लेगी।
स्टिंग ऑपरेशन को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रायरेड्डी ने कहा कि, मुख्यमंत्री इस मामले में उचित निर्णय लेंगे। उन्होंने बताया कि, इस मुद्दे पर विभिन्न राजनीतिक नेताओं की अलग-अलग मांगें सामने आ रही हैं। कुछ नेता केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ ने अपराध जांच विभाग (सीआईडी) से जांच कराने और अन्य नेताओं ने न्यायिक जांच की मांग की है। रायरेड्डी ने कहा, हर कोई अपनी समझ के अनुसार बयान दे रहा है। हमने यह मामला मुख्यमंत्री पर छोड़ दिया है। वे इस संबंध में उचित निर्णय लेंगे।


















