सिंगापुर: सिंगापुर ने दुनिया का सबसे बड़ा एकल एथेनॉल बंकरिंग ऑपरेशन पूरा करने का दावा किया है। इस अभियान के तहत पीएसए पासिर पंजांग टर्मिनल पर मैर्स्क हैलिफैक्स जहाज को लगभग 5,000 मीट्रिक टन जैव-एथेनॉल की आपूर्ति की गई। सिंगापुर के समुद्री एवं बंदरगाह प्राधिकरण (एमपीए) ने अपनी वेबसाइट पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।यह ऑपरेशन 17 अक्टूबर को पूरा किया गया। इसमें सिंगापुर के समुद्री एवं बंदरगाह प्राधिकरण का सहयोग रहा। गोल्डन आइलैंड ने अपने पोत एमटी गोल्डन सेंटॉरस के जरिए एथेनॉल की आपूर्ति की। इस अभियान में इस्तेमाल किया गया जैव-इथेनॉल आईएससीसी प्रमाणित था।
बंकरिंग प्रक्रिया के दौरान एक साथ कई परिचालन गतिविधियां (SIMOPS) संचालित की गईं। इससे ईंधन स्थानांतरण के साथ-साथ जहाज पर माल संबंधी गतिविधियां भी जारी रखी जा सकीं।एथेनॉल की आपूर्ति को मापने के लिए मास फ्लो मीटर का भी इस्तेमाल किया गया। इस अभियान में सिंगापुर के तकनीकी संदर्भ मानक TR129 को इथेनॉल बंकरिंग के लिए अपनाने की संभावना का आकलन भी किया गया। यह तकनीकी संदर्भ मूल रूप से मेथनॉल बंकरिंग से संबंधित है।
मूल्यांकन के दौरान यह जांचा गया कि मौजूदा मानक को इथेनॉल की आपूर्ति पर किस तरह लागू किया जा सकता है और एथेनॉल के स्थानांतरण की मात्रा मापने के लिए मास फ्लो मीटर कितने उपयुक्त हैं। एमपीए के अनुसार, इस बंकरिंग ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए इसमें शामिल कंपनियों और संबंधित एजेंसियों ने मिलकर काम किया।इस अभियान में सिंगापुर का समुद्री एवं बंदरगाह प्राधिकरण (एमपीए), मैर्स्क, गोल्डन आइलैंड और पीएसए सिंगापुर शामिल रहे।


















