नई दिल्ली: तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 (ESY 2026-27) के लिए 1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल की खरीद हेतु बोलियां आमंत्रित की हैं। हालांकि, इस खरीद व्यवस्था ने भारत की कृषि प्राथमिकताओं, खाद्य सुरक्षा और दीर्घकालीन औद्योगिक विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं।
नई निविदा में गन्ने के रस, चीनी के सिरप और बी-हैवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल को बाहर रखा गया है। ऐसे में एथेनॉल की लगभग पूरी मांग अब अनाज आधारित कच्चे माल से पूरी करनी होगी। इसमें सी-हैवी शीरे और अन्य अनुमत स्रोतों का योगदान सीमित रहने की संभावना है। पिछले वर्ष गन्ने पर आधारित कच्चे माल से लगभग 289 करोड़ लीटर एथेनॉल की खरीद का शुरुआती आवंटन किया गया था। अब इस मांग का बड़ा हिस्सा दूसरे स्रोतों, मुख्य रूप से अनाज, की ओर स्थानांतरित होने की संभावना है।
अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और सबसे कम कीमत की होड़
एथेनॉल की कुल आवश्यकता 1,100 करोड़ लीटर है, जबकि उद्योग की उम्मीदों के अनुसार आपूर्तिकर्ता इससे दोगुने से भी अधिक उत्पादन क्षमता की पेशकश कर सकते हैं। निविदा में अलग-अलग कच्चे माल से बनने वाले एथेनॉल के लिए अलग खरीद कीमतें निर्धारित की गई हैं। मांग की तुलना में आपूर्ति अधिक होने की स्थिति में उत्पादकों के बीच आवंटन हासिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा हो सकती है। इससे कम कीमत वाले कच्चे माल से एथेनॉल बनाने वाले उत्पादकों को बढ़त मिल सकती है, भले ही उनकी उत्पादन लागत और लाभप्रदता पर दबाव हो।
भारतीय खाद्य निगम (FCI) के चावल की उपलब्धता सीमित होने के कारण क्षतिग्रस्त खाद्यान्न (DFG), विशेष रूप से टूटे चावल, एथेनॉल उत्पादन का एक प्रमुख स्रोत बन सकते हैं। टूटे चावल से बने एथेनॉल की कीमत 64 रुपये प्रति लीटर निर्धारित है, जबकि मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत 68.86 रुपये प्रति लीटर है। उद्योग के अनुमानों के अनुसार, क्षतिग्रस्त खाद्यान्न और टूटे चावल से बनने वाले एथेनॉल की मात्रा पिछले वर्ष के लगभग 80 करोड़ लीटर से बढ़कर 700 करोड़ लीटर से अधिक हो सकती है।
यहां एक बड़ा सवाल उठता है—इतनी बड़ी मात्रा में टूटे चावल की आपूर्ति आखिर कहां से होगी?
भारत की जैव ईंधन नीति के तहत क्षतिग्रस्त खाद्यान्न में टूटे चावल और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्यान्न शामिल हैं। हालांकि, टूटे चावल का हर दाना क्षतिग्रस्त या खाने के अयोग्य नहीं होता। इसका इस्तेमाल भोजन बनाने, खाद्य प्रसंस्करण और पशु आहार में भी व्यापक रूप से किया जाता है। यदि इन अनाजों की एथेनॉल उत्पादन के लिए मांग बहुत अधिक बढ़ती है, तो भोजन, पशु आहार और ईंधन के बीच सीधी प्रतिस्पर्धा पैदा हो सकती है। इससे अनाज की कीमतों में तेज वृद्धि और खाद्य महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो सकता है।
सरकार एथेनॉल की खरीद पर प्रति लीटर कुछ रुपये बचा सकती है, लेकिन खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के जरिए उपभोक्ताओं को इसकी कहीं अधिक बड़ी आर्थिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
आखिर किसान मक्का की खेती क्यों जारी रखेंगे?
वर्ष 2023 से सरकार ने एथेनॉल उत्पादन के लिए मक्का को औद्योगिक अनाज के रूप में बढ़ावा देने के प्रयास किए हैं। इसके तहत मक्का आधारित एथेनॉल के लिए प्रोत्साहन मूल्य दिया गया और किसानों को धान जैसी अधिक पानी की आवश्यकता वाली फसलों से मक्का की खेती की ओर प्रोत्साहित करने के लिए अभियान चलाए गए। लेकिन नई निविदा में मक्का आधारित एथेनॉल पर मिलने वाला प्रोत्साहन घटाकर 5.79 रुपये से 2.79 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप इसकी खरीद कीमत 68.86 रुपये प्रति लीटर रह गई है।
इसके अतिरिक्त, निविदा की शर्त के अनुसार, यदि किसी आपूर्तिकर्ता को कम कीमत वाली श्रेणी में आवंटन मिल जाता है और बाद में वह कच्चे माल में बदलाव करता है, तो उसे मूल रूप से आवंटित कच्चे माल और प्रस्तावित कच्चे माल में से कम कीमत के आधार पर भुगतान किया जा सकता है।
निविदा में कच्चे माल में बदलाव से संबंधित शर्त का आशय है:
“यदि तेल विपणन कंपनियां आपूर्तिकर्ता के अनुरोध पर कच्चे माल में बदलाव स्वीकार करती हैं, तो देय एक्स-मिल कीमत मूल रूप से आवंटित कच्चे माल और प्रस्तावित कच्चे माल में से कम कीमत वाली श्रेणी के अनुसार होगी।”
सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि 64 रुपये प्रति लीटर वाले टूटे चावल आधारित एथेनॉल से प्रतिस्पर्धा के कारण मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादकों पर भी अपनी लागत घटाने का दबाव पड़ता है, तो इसका असर अंततः मक्का किसानों तक पहुंचेगा।
यदि किसानों को अपनी फसल ऐसी कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़े, जिससे 64 रुपये प्रति लीटर की दर पर एथेनॉल उत्पादन संभव हो सके, तो वे मक्का की खेती जारी क्यों रखेंगे?
ऐसी स्थिति में किसान उन फसलों की ओर रुख कर सकते हैं, जिनसे उन्हें बेहतर और अधिक अनुमानित आय मिलने की संभावना हो।इसके परिणाम केवल एथेनॉल उद्योग तक सीमित नहीं रहेंगे। भारत पिछले कई वर्षों से मक्का आधारित घरेलू अर्थव्यवस्था विकसित करने का प्रयास कर रहा है, जो एथेनॉल, स्टार्च, पशु आहार और अन्य उद्योगों की जरूरतें पूरी कर सके।किसानों के लिए औद्योगिक बाजार में सुनिश्चित मांग होना जरूरी है, ताकि वे उत्पादकता बढ़ाने और खेती का विस्तार करने में निवेश कर सकें। यदि इस बाजार की व्यावसायिक संभावनाएं कमजोर होती हैं, तो कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों को उलटने का खतरा पैदा हो सकता है।
क्या सरकार टिकाऊ घरेलू कृषि आपूर्ति शृंखला के माध्यम से भारत की औद्योगिक क्षमता विकसित करने के अपने व्यापक उद्देश्य से भटक रही है?
धान की खेती घटाने की कोशिश, लेकिन चावल की औद्योगिक मांग को बढ़ावा?
इस नीति में एक महत्वपूर्ण विरोधाभास दिखाई देता है।सरकार कई वर्षों से विशेष रूप से भूजल संकट से जूझ रहे राज्यों में धान जैसी अधिक पानी की जरूरत वाली फसलों पर निर्भरता कम करने का प्रयास कर रही है। वहीं, चावल को पहले से ही सरकारी खरीद, सब्सिडी और सार्वजनिक व्यय के माध्यम से पर्याप्त समर्थन मिलता है।
इसके बावजूद, मौजूदा एथेनॉल नीति चावल और टूटे चावल के लिए एक बड़े अतिरिक्त औद्योगिक बाजार का निर्माण कर सकती है। इससे उस फसल की आर्थिक उपयोगिता और बढ़ सकती है, जिसकी खेती से किसानों को दूसरी फसलों की ओर स्थानांतरित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।एक ओर कृषि नीति के माध्यम से मक्का की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इथेनॉल खरीद नीति मक्का की व्यावसायिक संभावनाओं को कमजोर कर सकती है।
जब सरकार मक्का की खेती बढ़ाना चाहती है, तो एथेनॉल खरीद नीति के जरिए उसकी बाजार प्रतिस्पर्धा को कमजोर क्यों किया जा रहा है?
खरीद नीति की प्राथमिकताओं पर दोबारा विचार करने की जरूरत
भारत में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम शुरू करने के प्रमुख उद्देश्यों में कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों की आय बढ़ाना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना और घरेलू औद्योगिक क्षमताओं का विकास करना शामिल है।लेकिन यदि एथेनॉल खरीद व्यवस्था में केवल मिल से निकलने के समय की कीमत यानी एक्स-मिल कीमत को प्राथमिकता दी जाती है, तो इन व्यापक उद्देश्यों को नुकसान पहुंच सकता है।सरकार को मक्का की खेती के लिए व्यावसायिक प्रोत्साहन बनाए रखने, खाद्य गुणवत्ता वाले टूटे चावल के एथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल को सावधानीपूर्वक नियंत्रित करने और कच्चे माल की खरीद को व्यापक कृषि प्राथमिकताओं के अनुरूप बनाने की जरूरत है।
सबसे सस्ता एथेनॉल जरूरी नहीं कि भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए भी सबसे सस्ता विकल्प हो।
मक्का और गन्ना किसानों के हित प्रभावित होने तथा चावल आधारित कच्चे माल की मांग बढ़ने की आशंका के बीच नई निविदा एक बुनियादी सवाल खड़ा करती है:
क्या भारत एक टिकाऊ एथेनॉल अर्थव्यवस्था विकसित कर रहा है, या किसानों, उपभोक्ताओं और दीर्घकालीन औद्योगिक विकास की कीमत पर चावल के लिए एक और सब्सिडी आधारित बाजार तैयार कर रहा है?


















