पूंजी प्रवाह को मजबूत करने के लिए कर प्रणाली को सरल बनाने और दीर्घकालिक निवेश को प्रोत्साहन देने की जरूरत : एसोचैम

नई दिल्ली : उद्योग संगठन एसोचैम (ASSOCHAM) ने स्थिर और दीर्घकालिक विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए कर व्यवस्था को और अधिक तर्कसंगत बनाने तथा कर नियमों को सरल करने की मांग की है। संगठन ने रुपये में उतार-चढ़ाव और विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) के प्रवाह में अस्थिरता के बीच निवेशकों का भरोसा मजबूत करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और वित्त मंत्रालय द्वारा हाल ही में उठाए गए कदमों का स्वागत किया है। एसोचैम के अध्यक्ष निर्मल के. मिंडा ने कहा कि, केंद्रीय बैंक और सरकार द्वारा समन्वित रूप से उठाए गए कदम वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच व्यापक आर्थिक स्थिरता बनाए रखने और निवेशकों का विश्वास बढ़ाने में मदद करेंगे।

उद्योग संगठन के अनुसार, मुद्रा में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने और भारत में निवेश के माहौल को अधिक अनुमानित बनाने की दिशा में सरकार और आरबीआई सही कदम उठा रहे है।संगठन ने आयकर संशोधन अध्यादेश, 2026 का भी स्वागत किया है। इसके तहत 1 अप्रैल, 2026 से सरकारी प्रतिभूतियों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) पर मिलने वाले ब्याज और पूंजीगत लाभ को कर से छूट दी गई है। एसोचैम के महासचिव सौरभ सान्याल ने कहा, यह दूरदर्शी कदम पेंशन फंड, सॉवरेन वेल्थ फंड और बीमा कंपनियों से स्थिर एवं दीर्घकालिक पूंजी आकर्षित करने में मदद करेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर पर निवेशकों से चर्चा का स्वागत

एसोचैम ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के 13 अक्टूबर को ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में दिए गए बयान का भी स्वागत किया। वित्त मंत्री ने कहा था कि, सरकार केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर (LTCG) और प्रतिभूति लेनदेन कर (STT) पर निवेशकों के विचार सुनने की इच्छुक है।संगठन के अनुसार, सरकार का यह परामर्श आधारित दृष्टिकोण वैश्विक निवेशकों को भरोसा दिला सकता है और भारत की कर व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद कर सकता है।

रुपये को सहारा देने में आरबीआई के कदमों की भूमिका

एसोचैम ने आरबीआई द्वारा हाल में उठाए गए कई कदमों का उल्लेख किया।इनमें सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों के लिए विशेष डॉलर सुविधा, विदेशी मुद्रा जोखिम आरक्षित व्यवस्था, विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव से जुड़े नियमों को सख्त करना, खुले बाजार में परिचालन और नकद आरक्षित अनुपात (CRR) की आवश्यकता बढ़ाना शामिल हैं। संगठन के मुताबिक, इन उपायों से रुपये को हाल के निचले स्तर से लगभग 2 प्रतिशत तक उबरने में मदद मिली है। एसोचैम ने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार और वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आरबीआई के 7.1 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि अनुमान को भी भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती के संकेतकों के रूप में रेखांकित किया।

दीर्घकालिक निवेश पर प्रोत्साहन देने का सुझाव

एसोचैम के मुख्य अर्थशास्त्री एस. पी. शर्मा ने कर व्यवस्था को और तर्कसंगत बनाने तथा कर प्रावधानों की व्याख्या में एकरूपता लाने की जरूरत बताई। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शोध इकाई एसबीआई रिसर्च के एक प्रस्ताव पर विचार करने का सुझाव भी दिया। इस प्रस्ताव के तहत दीर्घकालिक इक्विटी निवेश की अवधि को बढ़ाकर दो से तीन वर्ष करने और ऐसे निवेश को प्रोत्साहन देने की बात कही गई है।

वैश्विक परिस्थितियों से विदेशी निवेश में उतार-चढ़ाव

एसोचैम ने कहा कि अमेरिका में बॉन्ड पर ऊंची प्रतिफल दरें, कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतें और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तथा प्रौद्योगिकी से जुड़े क्षेत्रों की ओर पूंजी का रुख होने जैसे वैश्विक कारकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) के प्रवाह में अस्थिरता बढ़ाई है।संगठन ने कहा कि वह भारत को दीर्घकालिक वैश्विक पूंजी के प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में मजबूत बनाने के लिए सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के साथ मिलकर काम करेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here