महाराष्ट्र: निजी चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन योजना से बाहर रखने से मिलर्स में नाराजगी

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार की सॉफ्ट लोन योजना में निजी चीनी मिलों को ब्याज सब्सिडी के लिए अपात्र ठहराए जाने से निजी चीनी उद्योग में नाराजगी है। इस फैसले पर पुनर्विचार कर निजी चीनी मिलों को भी योजना का लाभ देने की मांग वेस्ट इंडियन शुगर एसोसिएशन (विस्मा) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पत्र के माध्यम से की है। ‘अॅग्रोवन’ में प्रकाशित खबर के मुताबिक, सहकारिता विभाग के सहसचिव अंकुश शिंगाडे ने 22 सितंबर 2026 को सॉफ्ट लोन योजना के आदेश जारी किए थे। आदेश के अनुसार, यह योजना केवल सहकारी चीनी मिलों पर लागू होगी। 31 अक्टूबर 2026 तक सहकारी चीनी मिलों को बैंकों से लिए गए कर्ज पर ब्याज सब्सिडी देने की मंजूरी दी गई है। हालांकि, निजी चीनी मिलों को ब्याज सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा, यह आदेश में स्पष्ट किया गया है।

एफआरपी भुगतान और आगामी सीजन की तैयारी के लिए कर्ज जरूरी

ChiniMandi WhatsApp Channel

वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन में किसानों की बकाया उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) राशि का भुगतान करने और आगामी 2026-27 पेराई सीजन की तैयारियों के लिए चीनी मिलों को लंबी अवधि के कर्ज की आवश्यकता है। इसी कर्ज पर ब्याज का आर्थिक बोझ कम करने के लिए राज्य सरकार ने सॉफ्ट लोन योजना शुरू की है। हालांकि, निजी चीनी मिलों को केवल कर्ज प्राप्त करने के लिए पात्र मानना और ब्याज सब्सिडी से वंचित रखना योजना में भेदभाव के समान है। विस्मा ने इस पर आपत्ति जताते हुए निजी मिलों को भी ब्याज सब्सिडी का लाभ देने की मांग की है।

निजी मिलों और गन्ना किसानों पर आर्थिक संकट का खतरा

‘विस्मा’ के महासचिव पांडुरंग राउत और कार्यकारी निदेशक अजित चौगुले ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में आशंका जताई है कि, इस फैसले से निजी चीनी मिलों और उन्हें गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों के सामने आर्थिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं।पिछले पेराई सीजन में चीनी का बिक्री मूल्य 38 रुपये प्रति किलो था, जबकि उत्पादन लागत 41.82 रुपये प्रति किलो रही। ऐसे में चीनी की बिक्री से उत्पादन लागत की पूरी भरपाई करना मिलों के लिए मुश्किल हो गया। इसके अलावा, गन्ने की कम उपलब्धता के कारण निजी मिलों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कम पेराई के चलते प्रशासनिक और स्थिर खर्चों में भी वृद्धि हुई।दूसरी ओर, एथेनॉल की कीमतों में भी बढ़ोतरी नहीं हुई है, जिससे चीनी मिलों की आर्थिक परेशानियां और बढ़ गई हैं।‘विस्मा’ ने पत्र में कहा है कि, किसानों को समय पर एफआरपी का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए निजी चीनी मिलों को भी सॉफ्ट लोन योजना का पूरा लाभ मिलना जरूरी है।

चीनी और एथेनॉल उत्पादन में निजी मिलों की अहम भूमिका

पिछले पेराई सीजन में महाराष्ट्र में 108 निजी और 102 सहकारी सहित कुल 210 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई की थी। इनमें से 28 सहकारी चीनी मिलों का संचालन सरकार की मंजूरी से निजी उद्यमियों द्वारा किया जा रहा है। राज्य में चीनी उत्पादन के साथ-साथ एथेनॉल निर्माण, सह-विद्युत उत्पादन और किसानों को एफआरपी का भुगतान करने में निजी चीनी मिलों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसी आधार पर निजी चीनी उद्योग ने राज्य सरकार से मांग की है कि निजी और सहकारी चीनी मिलों के बीच भेदभाव नहीं किया जाए तथा दोनों क्षेत्रों को समान अवसर दिए जाएं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here