नई दिल्ली : पॉन्नी शुगर्स (इरोड) लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर शुद्ध मुनाफे में 49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 21.69 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 14.56 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बीएसई को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि, परिचालन से प्राप्त राजस्व में बढ़ोतरी से मुनाफे को मजबूती मिली। वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 40.3 प्रतिशत बढ़कर 159.56 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 113.73 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी की कुल आय भी बढ़कर 161.57 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि एक साल पहले यह 114.71 करोड़ रुपये थी।
कर-पूर्व मुनाफे में भी मजबूत वृद्धि
असाधारण मदों को छोड़कर कंपनी का कर-पूर्व मुनाफा पिछले वर्ष की समान तिमाही के 15.54 करोड़ रुपये से बढ़कर 32.52 करोड़ रुपये हो गया।हालांकि, तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 129.05 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 99.17 करोड़ रुपये था। खपत की गई सामग्री की लागत 105.95 करोड़ रुपये से बढ़कर 119.77 करोड़ रुपये हो गई। दूसरी ओर, बिजली और ईंधन पर खर्च घटकर 17.50 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वर्ष 20.37 करोड़ रुपये था।
चीनी कारोबार से राजस्व 145.32 करोड़ रुपये
कारोबार के अलग-अलग खंडों में चीनी व्यवसाय से कंपनी का राजस्व चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढ़कर 145.32 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 99.52 करोड़ रुपये था।सह-उत्पादन खंड का राजस्व भी बढ़कर 52.49 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष 49.74 करोड़ रुपये था।चीनी खंड ने ब्याज और कर-पूर्व 19.99 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 8.68 करोड़ रुपये था। वहीं, सह-उत्पादन खंड का मुनाफा 9 करोड़ रुपये से बढ़कर 12.70 करोड़ रुपये हो गया।
प्रति शेयर आय बढ़कर 25.22 रुपये
तिमाही के दौरान कंपनी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) बढ़कर 25.22 रुपये हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 16.93 रुपये थी। कंपनी ने कहा कि चीनी उत्पादन मौसमी प्रकृति का कारोबार है। इसलिए किसी एक तिमाही का प्रदर्शन पूरे वित्त वर्ष के रुझान का संकेतक नहीं माना जा सकता। इसके अलावा, कंपनी ने तिमाही के दौरान अतिरिक्त टैरिफ और ब्याज आय के रूप में 1.46 करोड़ रुपये दर्ज किए। इसके साथ ही 30 सितंबर 2026 तक इस श्रेणी में मान्यता प्राप्त कुल संचयी राशि बढ़कर 51.34 करोड़ रुपये हो गई।















