जयपुर : राजस्थान के स्कूलों में विद्यार्थियों को चीनी के सेवन, इसके छिपे स्वास्थ्य जोखिमों और स्वस्थ खानपान के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए ‘शुगर बोर्ड’ लगाए जाएंगे। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) गिरिराज पारीक ने बताया कि, इस पहल का उद्देश्य बच्चों में अस्वस्थ खानपान की आदतों के कारण उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करना है। खास तौर पर जंक फूड और तली हुई चीजों के अधिक सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि, स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा और कक्षाओं के दौरान जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन चुनने, संतुलित आहार अपनाने और शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका समझने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यह पहल राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सलाह के बाद शुरू की जा रही है। आयोग ने बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने, कुपोषण को रोकने और उनके समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की सिफारिश की थी।
इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को चीनी के अत्यधिक सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी देने के साथ-साथ कम चीनी और पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे बच्चों में कम उम्र से ही स्वस्थ खानपान की आदतें विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


















