केंद्रीय समिति के दौरे के बाद गन्ना किसानों की समस्याओं पर फैसला करेगी कर्नाटक सरकार

बेलगावी: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने सोमवार को बेलगावी में कहा कि, राज्य सरकार गन्ना उत्पादक किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों के समाधान पर केंद्रीय समिति के दौरे के बाद निर्णय लेगी। रमेश चंद के नेतृत्व वाली केंद्रीय समिति के 29 अक्टूबर तक राज्य का दौरा करने की उम्मीद है। सुवर्ण सौध में गन्ना किसानों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि, वह किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “इसीलिए हमने बेंगलुरु के बजाय बेलगावी में आपके साथ बैठक की है। मैं अपने साथ मंत्रियों और विधायकों को भी लेकर आया हूं। हालांकि, इन समस्याओं का समाधान तुरंत निकालना आसान नहीं है। गन्ना किसानों के मुद्दे जटिल हैं और इनमें कई पक्ष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि, सोमवार सुबह चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की गई है। सभी मुद्दों पर विचार करने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने किसानों से कुछ समय देने की अपील की।

किसानों को राहत देने के लिए सरकारी खजाने पर पड़ेगा आर्थिक बोझ

ChiniMandi WhatsApp Channel

मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि, सरकार के किसी भी फैसले का आर्थिक असर सरकारी खजाने पर पड़ता है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा गन्ने पर 50 रुपये प्रति टन प्रोत्साहन राशि घोषित किए जाने से सरकारी खजाने पर 300 करोड़ रुपये का बोझ पड़ा था। उन्होंने कहा कि, सूखे के कारण बिजली सब्सिडी का खर्च भी 8,000 करोड़ रुपये बढ़ गया है। तमिलनाडु और कर्नाटक की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का चीनी उत्पादन कर्नाटक के उत्पादन का लगभग 10 प्रतिशत ही है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा, “मैं यहां तुरंत कोई घोषणा नहीं कर सकता। अपने वादों को पूरा करने के लिए हमारे पास पर्याप्त धन होना जरूरी है। यह मेरा निजी पैसा नहीं, बल्कि जनता का पैसा है, जिसका प्रबंधन सरकार करती है।”उन्होंने आगे कहा कि, अधिकारियों से सलाह लेने के बाद अन्य राज्यों, चीनी मिलों और केंद्र सरकार के अधिकारियों से भी चर्चा करनी होगी। इसके बाद ही स्पष्ट निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह किसानों से झूठा वादा करके यहां से नहीं जाना चाहते।

29 अक्टूबर तक केंद्रीय समिति के दौरे की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने बताया कि रमेश चंद के नेतृत्व वाली केंद्रीय समिति के 29 अक्टूबर तक कर्नाटक पहुंचने की उम्मीद है। राज्य सरकार समिति के सामने अपना पक्ष रखेगी और गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग करेगी। शिवकुमार ने कहा कि, राज्य सरकार चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी की मांग जोरदार तरीके से उठाएगी। इससे चीनी मिलों को अधिक आय प्राप्त हो सकेगी और वे किसानों को बेहतर गन्ना मूल्य देने की स्थिति में आ सकती हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि, केंद्रीय समिति के साथ चर्चा के बाद ही राज्य सरकार इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेगी।

किसानों ने तत्काल फैसले की मांग की

मुख्यमंत्री की अपील के बावजूद किसान नेताओं ने आंदोलन वापस लेने या इंतजार करने पर सहमति नहीं जताई। बैठक के दौरान कई किसान एक साथ अपनी बात रखने लगे, जिससे कुछ समय तक वहां शोरगुल की स्थिति बनी रही।किसान नेता चुन्नप्पा पुजारी ने मुख्यमंत्री से संशोधित गन्ना मूल्य की घोषणा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बैठक का समय बढ़ाया जाए, लेकिन किसानों को स्पष्ट निर्णय दिया जाए। पुजारी ने यह भी मांग की कि राज्य सरकार अपने स्तर पर कम से कम 1,000 रुपये प्रति टन का राज्य सलाहकार मूल्य (एसएपी) घोषित करे और बाकी मांगों के समाधान के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाए।

सरकार ने गन्ना किसानों की समस्याओं पर उठाए कदम

राज्य के मंत्री शिवानंद पाटील ने कहा कि, सरकार गन्ना उत्पादक किसानों की शिकायतों को दूर करने के लिए कई कदम उठा चुकी है।उन्होंने बताया कि चीनी मिलों और कृषि बाजारों में पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि उपज विपणन समितियों (एपीएमसी) की ओर से चीनी मिलों के आसपास 22 धर्मकांटे स्थापित किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर ऐसे और धर्मकांटे लगाए जाएंगे, ताकि गन्ने के वजन में पारदर्शिता बनी रहे।

मंत्री ने किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि कर्नाटक के किसानों के आंदोलन से देशभर के गन्ना उत्पादकों की समस्याओं के समाधान का रास्ता खुलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती बोम्मई सरकार द्वारा घोषित राज्य सलाहकार मूल्य (एसएपी) पर अदालतों ने रोक लगा दी थी। इसी कारण राज्य सरकार के लिए नया एसएपी घोषित करना आसान नहीं है।

चीनी मिलों और किसानों को मिलकर निकालना होगा समाधान

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवकुमार ने चीनी मिलों के प्रतिनिधियों और विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से मिलकर गन्ना किसानों और चीनी उद्योग की समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी पर आरोप लगाने से समस्या हल नहीं होगी। किसानों, चीनी मिल प्रबंधन और सरकार को मिलकर ऐसा रास्ता निकालना होगा, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिले और चीनी उद्योग भी सुचारू रूप से काम कर सके। अब किसानों की नजरें 29 अक्टूबर तक प्रस्तावित केंद्रीय समिति के दौरे और उसके बाद होने वाले फैसले पर टिकी हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here