कर्नाटक: हावेरी के गन्ना किसानों ने 14 घंटे की बातचीत के बाद 3,225 रुपये प्रति टन अंतरिम गन्ना मूल्य पर जताई सहमति

हावेरी : कर्नाटक के हावेरी जिले में गन्ना किसानों का पिछले कई दिनों से जारी आंदोलन बुधवार तड़के समाप्त हो गया। जिला प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के साथ करीब 14 घंटे तक चली लंबी बातचीत के बाद चीनी मिल मालिकों ने गन्ने का भाव 3,225 रुपये प्रति टन देने पर सहमति जताई। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते के बाद किसानों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि, सहमत हुआ यह भाव किसानों की 3,500 से 3,600 रुपये प्रति टन की मांग से कम है, लेकिन मिल मालिकों की ओर से पहले प्रस्तावित 3,100 से 3,150 रुपये प्रति टन के शुरुआती भाव से अधिक है।

किसानों और चीनी मिल प्रतिनिधियों के बीच कई घंटों तक बातचीत बेनतीजा रही। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसान डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर जमा हो गए। किसानों ने कार्यालय के प्रवेश द्वार पर अपने ट्रैक्टर खड़े कर दिए और अंतिम भाव तय होने तक वहां से हटने से इनकार कर दिया। दूसरी ओर, चीनी मिल प्रतिनिधियों का कहना था कि गन्ने का भाव बढ़ाने से मिलों का संचालन आर्थिक रूप से मुश्किल हो जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

रात 2:30 बजे घोषित हुआ समझौता

सुबह करीब 2:30 बजे गन्ना उत्पादक किसान कल्याण संघ के अध्यक्ष चूनप्पा पुजारी ने समझौते की घोषणा की। उन्होंने बताया कि, किसानों ने अनिच्छा के बावजूद फिलहाल 3,225 रुपये प्रति टन के अंतरिम भाव को स्वीकार किया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बाजार में चीनी की कीमतों में सुधार होता है, तो गन्ने के भाव में भी संशोधन किया जा सकता है। पुजारी ने यह भी कहा कि जब भी चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी होगी, उसका उचित लाभ गन्ना किसानों को भी मिलना चाहिए। इसके साथ ही किसानों को अपनी उपज अपनी पसंद की किसी भी चीनी मिल को बेचने की स्वतंत्रता होगी।

तीन चीनी मिलों ने दी सहमति

कर्नाटक के चीनी मंत्री रुद्रप्पा लामाणी ने बताया कि लंबी बातचीत के बाद जिले की तीन चीनी मिलों ने 3,225 रुपये प्रति टन के तय भाव पर सहमति जताई है। समझौते के तहत चीनी मिलों ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक धर्मकांटे (वजन कांटे) और चीनी रिकवरी की जांच करने वाली मशीनें लगाने का भी आश्वासन दिया है। इससे गन्ने का सही वजन सुनिश्चित करने के साथ-साथ चीनी रिकवरी के आधार पर किसानों को उचित भुगतान मिल सकेगा।

गन्ना किसानों की कीमतों पर बनी रहेगी नजर

भले ही फिलहाल किसानों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन किसान नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे चीनी के बाजार भाव पर लगातार नजर रखेंगे। यदि बाजार की परिस्थितियां अनुकूल होती हैं और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी होती है, तो गन्ने के भाव में संशोधन की मांग दोबारा उठाई जाएगी। इस समझौते से फिलहाल हावेरी जिले के गन्ना किसानों और चीनी मिलों के बीच जारी टकराव समाप्त हुआ है, लेकिन किसानों की नजर अब चीनी की कीमतों और भविष्य में गन्ने के भाव में होने वाली संभावित बढ़ोतरी पर टिकी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here