पटना: बिहार शुगर मिल्स एसोसिएशन (BSMA) ने राज्य सरकार से गन्ना किसानों के लिए आकर्षक सब्सिडी योजना शुरू करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि, गन्ने की खेती का विस्तार करने, चीनी उत्पादन बढ़ाने और संकट से जूझ रहे चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए किसानों को बेहतर आर्थिक प्रोत्साहन देना आवश्यक है। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, संगठन ने इस दिशा में राज्य सरकार से कदम उठाने की अपील की है।
यह मांग ऐसे समय में उठी है, जब बिहार सरकार राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने और बंद पड़ी नौ मिलों को दोबारा शुरू करने की योजना बना रही है। BSMA के सचिव नरेश भट्ट ने कहा कि, गन्ना किसानों और चीनी मिलों, दोनों को गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकारी सहायता जरूरी है। भट्ट ने कहा कि, अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी गन्ने की खेती को लाभकारी बनाने के लिए सब्सिडी दी जानी चाहिए। इससे किसानों को गन्ने का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और चीनी मिलों को भी मौजूदा आर्थिक कठिनाइयों से उबरने में मदद मिलेगी।
भारी बारिश और जलभराव से गन्ने की फसल को नुकसान
भट्ट ने बिहार के सीमावर्ती जिलों में खड़ी गन्ने की फसल को भारी बारिश, बाढ़, जलभराव और तेज हवाओं से हुए नुकसान पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि, तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम के कारण जमीन पर गिरा हुआ गन्ना विशेष रूप से प्रभावित हुआ है। इससे गन्ने की गुणवत्ता और चीनी रिकवरी पर भी असर पड़ने की आशंका है। राज्य के लगभग 40 से 45 प्रतिशत गन्ना उत्पादक क्षेत्र में अब भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे फसल को संभावित नुकसान और आगामी उत्पादन को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
बिहार में फिलहाल 10 चीनी मिलें चालू
बिहार में वर्तमान में 10 चीनी मिलें संचालित हैं। इन सभी मिलों की कुल गन्ना पेराई क्षमता 68,500 टन प्रतिदिन (TCD) है। एसोसिएशन ने किसानों को गन्ने की खेती से मिलने वाले अपेक्षाकृत कम आर्थिक लाभ का मुद्दा भी उठाया। वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन में किसानों को चीनी मिलों से 380 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य मिला था। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से 10 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी दी गई थी। नरेश भट्ट ने कहा कि दूसरे राज्यों में गन्ना किसानों को इससे अधिक मूल्य और सब्सिडी का लाभ मिल रहा है। ऐसे में बिहार के किसानों को भी बेहतर आर्थिक सहायता देने की आवश्यकता है।
सब्सिडी से बढ़ सकती है गन्ने की खेती
बिहार शुगर मिल्स एसोसिएशन का मानना है कि, किसानों को अधिक आर्थिक सहायता मिलने से गन्ने की खेती अधिक लाभकारी बनेगी। इससे किसान गन्ने का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होंगे और चीनी मिलों को पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध हो सकेगा। एसोसिएशन के अनुसार, किसानों के लिए बेहतर सब्सिडी व्यवस्था राज्य में चीनी उद्योग के विस्तार, बंद मिलों को दोबारा शुरू करने और सरकार की प्रस्तावित नई मिलों की योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकती है।


















