छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र से हजारों गन्ना कटाई मजदूर मौसमी रोजगार की तलाश में चीनी उत्पादक क्षेत्रों की ओर पलायन करने लगे हैं। लेकिन उनके बच्चों के लिए आवासीय छात्रावास खोलने में हो रही देरी से उनकी शिक्षा, सुरक्षा और देखभाल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। द टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, पलायन का मौसम तेज होने के बावजूद कई स्थानों पर छात्रावास अब तक शुरू नहीं हुए हैं। प्रवासी गन्ना मजदूरों के बच्चों को रहने और पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन छात्रावासों को अक्टूबर की शुरुआत में शुरू किया जाना था। हालांकि, छत्रपति संभाजीनगर और मराठवाड़ा के कई अन्य क्षेत्रों में अब तक ये छात्रावास शुरू नहीं हो पाए हैं।
गन्ना मजदूरों के अधिकारों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता जीवन राठौड़ ने बताया कि, बीड और मराठवाड़ा के अन्य जिलों के कई मजदूर अक्टूबर की शुरुआत में ही तेलंगाना और कर्नाटक के लिए रवाना हो चुके हैं। पश्चिमी महाराष्ट्र की ओर भी मजदूरों का पलायन जारी है। राठौड़ ने छात्रावास शुरू करने में हो रही देरी की आलोचना करते हुए कहा कि, पूरे क्षेत्र में सूखे जैसी स्थिति होने के बावजूद प्रशासन समय पर आवश्यक व्यवस्था करने में विफल रहा है। इस सीजन में अधिक परिवारों के गन्ना कटाई के काम पर निर्भर रहने की संभावना है। ऐसे में आवासीय सुविधाओं की जरूरत वाले बच्चों की संख्या में भी काफी वृद्धि हो सकती है।
अक्टूबर से मार्च तक संचालित होते हैं मौसमी छात्रावास
सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, मौसमी छात्रावास अक्टूबर से मार्च तक संचालित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि माता-पिता के रोजगार के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने के बावजूद उनके बच्चे अपने गांवों में रहकर स्कूल की पढ़ाई जारी रख सकें। शिक्षा अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की जाती है कि वे विद्यार्थियों की उपस्थिति पर नजर रखें, लंबे समय तक अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के बारे में जानकारी लें और स्कूल छोड़ने, बाल शोषण तथा कम उम्र में विवाह जैसी समस्याओं को रोकने के लिए अभिभावकों के संपर्क में रहें। राठौड़ ने चेतावनी दी कि, छात्रावास खोलने में देरी का बच्चों पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है, विशेषकर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत सुरक्षा पर। उनके अनुमान के अनुसार, इस तरह की सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों की संख्या कम से कम 10 लाख तक पहुंच सकती है।
सरकार जल्द उठाएगी आवश्यक कदम: दादा भुसे
स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि गन्ना मजदूरों के बच्चों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही मौसमी छात्रावास शुरू करने सहित आवश्यक कदम उठाएगी।छत्रपति संभाजीनगर के शिक्षा उपसंचालक कैलास दातखिल ने बताया कि इन सुविधाओं के लिए हर साल की योजना महाराष्ट्र प्राथमिक शिक्षण परिषद (MPSP) द्वारा तैयार की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, योजना को लागू करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की होती है। छात्रावासों की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारी ही दे सकते हैं। शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस साल ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक संकट गहराने के कारण आवासीय सुविधाओं की जरूरत वाले बच्चों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की आशंका थी। इसी वजह से तैयारियों में कुछ देरी हुई।
छत्रपति संभाजीनगर में बढ़ी छात्रावासों की मांग
छात्रावासों की संभावित मांग का अंदाजा छत्रपति संभाजीनगर जिले से ही लगाया जा सकता है। यहां की ग्राम पंचायतों ने छात्रावास की सुविधा की जरूरत वाले 800 से अधिक बच्चों के नाम प्रशासन को भेजे हैं। पिछले साल 500 से कुछ अधिक बच्चों के लिए आवासीय सुविधा को मंजूरी दी गई थी। इस साल जरूरतमंद बच्चों की संख्या में हुई बढ़ोतरी से स्पष्ट है कि, समय पर छात्रावास शुरू करना कितना जरूरी है। गन्ना मजदूरों के परिवारों के पलायन के बीच छात्रावास शुरू करने में हो रही देरी से बच्चों की पढ़ाई बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन के सामने मौसमी छात्रावासों को जल्द शुरू करने और प्रवासी मजदूरों के बच्चों की शिक्षा व सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।


















