जालना: एक ओर महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सूखे का असर दिखाई दे रहा है और खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं। खेती के काम भी कम हो गए हैं। इसी बीच जालना जिले से एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।NEWS 18 मराठी द्वारा प्रकाशित खबर में दावा किया गया है की, यहां गन्ना कटाई का काम करके परिवार का पेट पालने वाली 107 महिलाओं ने अपना गर्भाशय निकलवा लिया। बताया जा रहा है कि, मासिक धर्म के कारण मजदूरी न छूटे, इसी डर से महिलाओं ने यह कदम उठाया। हैरानी की बात यह है कि, एक निजी संस्था ने यह सर्वेक्षण किया, लेकिन सरकारी स्वास्थ्य विभाग के पास इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
खबर के अनुसार, जालना जिले में मासिक धर्म के दौरान काम नहीं कर पाने और मजदूरी का नुकसान होने की आशंका के चलते 107 महिलाओं द्वारा गर्भाशय निकलवाने का मामला सामने आया है। गन्ना कटाई करने वाले मजदूरों की समस्याओं पर काम करने वाली एक संस्था ने इस मामले को उजागर किया है। गन्ना कटाई के काम में लगी महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान काम करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस वजह से उनकी मजदूरी छूट जाती है। आर्थिक नुकसान से बचने के लिए कुछ महिलाएं गर्भाशय निकलवाने जैसा गंभीर फैसला लेने को मजबूर हो रही हैं।
घनसावंगी में 63 और परतूर में 44 महिलाओं की जानकारी
गन्ना कटाई करने वाली महिला मजदूरों के स्वास्थ्य का मुद्दा एक बार फिर गंभीरता से सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जालना जिले की घनसावंगी तहसील में 63 और परतूर तहसील में 44 महिलाओं ने गर्भाशय निकलवाया है।बताया गया है कि, ये मामले अगस्त 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच सामने आए। गर्भाशय निकलवाने के बाद महिलाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। इसके बावजूद आर्थिक तंगी और मजदूरी छूटने के डर से महिलाओं को इतना बड़ा फैसला लेना पड़ रहा है।इस स्थिति को देखते हुए गन्ना कटाई करने वाली महिला मजदूरों के स्वास्थ्य, कामकाज की परिस्थितियों और आर्थिक सुरक्षा पर प्रशासन द्वारा गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।
‘हमारे पास ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं’ : स्वास्थ्य विभाग
इस मामले में जिला स्वास्थ्य अधिकारी जयश्री भुसारे ने NEWS 18 मराठी से कहा कि, संबंधित सर्वेक्षण एक निजी संस्था ने किया है। मासिक धर्म के दौरान काम नहीं कर पाने और मजदूरी का नुकसान होने के कारण महिलाओं द्वारा गर्भाशय निकलवाने की जानकारी के संबंध में उन्होंने कहा कि, स्वास्थ्य विभाग के सर्वेक्षण में इस तरह के मामलों के कोई आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। भुसारे के अनुसार, गर्भाशय निकलवाने जैसे निर्णय उचित चिकित्सकीय जांच और स्त्री रोग विशेषज्ञ की सलाह के आधार पर ही लिए जाने चाहिए। स्वास्थ्य विभाग नियमित रूप से सर्वेक्षण करता है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं एवं उपचार उपलब्ध कराए जाते हैं। हालांकि, विभाग के पास इस मामले से संबंधित कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि, बदनापुर तहसील में एक महिला का गर्भाशय निकलवाए जाने का मामला विभाग के रिकॉर्ड में है। यदि किसी महिला का गर्भाशय बिना उचित चिकित्सकीय कारण या शिकायत के निकाला गया है, तो यह गंभीर विषय है।
मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई का आश्वासन
जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि, जब 107 महिलाओं से जुड़ा मामला सामने आया है, तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक क्यों नहीं पहुंची, यह जांच का विषय है। उन्होंने बताया कि, सामने आई खबर के संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है और मामले की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला गन्ना कटाई करने वाली महिला मजदूरों की आर्थिक मजबूरी, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और कामकाज की कठिन परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। महिलाओं को मासिक धर्म के कारण मजदूरी का नुकसान न उठाना पड़े, इसके लिए बेहतर कार्यस्थितियां, स्वास्थ्य सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है।


















