कोल्हापुर : गन्ने का भाव 5,000 रुपये प्रति टन घोषित करने की मांग को लेकर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से जारी इस आंदोलन का असर पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर, सांगली, सतारा और सोलापुर जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। कई जगहों पर चीनी मिलों की ओर जाने वाले गन्ने से लदे वाहनों को रोका जा रहा है। कुछ स्थानों पर गन्ना परिवहन वाहनों में तोड़फोड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पलटने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने स्पष्ट किया है कि जब तक गन्ने का उचित भाव घोषित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन के कारण खेतों से लेकर चीनी मिलों तक गन्ने की आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं, चीनी मिलों में भी पेराई शुरू करने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर गन्ने की कटाई और परिवहन ठप होने से पेराई सीजन की गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।
मिलों की चीनी बाजार में नहीं जाने देने की चेतावनी
चालू पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने पर कम से कम 4,500 रुपये प्रति टन पहली किस्त और सीजन समाप्त होने के बाद अतिरिक्त 500 रुपये देने की मांग को लेकर संगठन का आंदोलन जारी है। इसी क्रम में संगठन ने चेतावनी दी है कि, हरली स्थित आप्पासाहेब नलवडे गडहिंग्लज तालुका सहकारी चीनी मिल में पिछले सीजन की बची हुई करीब 5,500 क्विंटल चीनी को बाजार में नहीं जाने दिया जाएगा।
संगठन के प्रदेश सचिव राजेंद्र गड्याण्णावर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चीनी मिल परिसर में जाकर कार्यकारी निदेशक सुनील महिंद, केडीसीसी बैंक के अधिकारी ढिकले और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पिछले सीजन की बची हुई चीनी की बिक्री के लिए टेंडर जारी न किया जाए। साथ ही, यदि टेंडर जारी होता है तो व्यापारियों से उसमें हिस्सा नहीं लेने की अपील की गई। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि चीनी को बाजार में भेजने के प्रयास के दौरान आंदोलन में किसी भी प्रकार का नुकसान होने पर इसकी जिम्मेदारी चीनी मिल प्रशासन और संबंधित चीनी व्यापारियों की होगी।
…तो कल से मंत्री हसन मुश्रीफ के घर के सामने होगा धरना
मंत्री हसन मुश्रीफ को किसानों के गन्ना मूल्य के मुद्दे पर हस्तक्षेप कर सम्मानजनक समाधान निकालने के लिए पहल करनी चाहिए। अन्यथा शनिवार से कागल स्थित उनके आवास के सामने गन्ने के भाव का मुद्दा हल होने तक धरना आंदोलन किया जाएगा। यह चेतावनी स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के जिला कार्यकारी अध्यक्ष बालासाहेब पाटील ने दी है। लिंगनूर-कापशी में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कहा गया कि पिछले दो महीनों से संगठन और जिले के किसान गन्ने के उचित मूल्य का मुद्दा सुलझाने के लिए लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार इस मामले की अनदेखी कर रही है।
आंदोलन के अगले चरण के तहत शनिवार को किसान मुरगूड स्थित शिवतीर्थ से कागल में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा तक आत्मक्लेश करते हुए पैदल मार्च निकालेंगे। इसके बाद मंत्री हसन मुश्रीफ के आवास के सामने धरना आंदोलन शुरू किया जाएगा। किसानों ने संकल्प लिया है कि गन्ने के भाव का मुद्दा हल होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन के संभाजी यादव ने किसानों से इस पैदल मार्च और धरना आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
सांगली जिले में आंदोलन तेज, गन्ने की ढुलाई रोकी
सांगली जिले के बलवडी फाटा में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन की ओर से अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन जारी है। बुधवार दोपहर से गन्ने की ढुलाई रोक दी गई। चीनी मिलों की ओर जा रहे सैकड़ों ट्रैक्टरों और गन्ना परिवहन वाहनों को रोककर रखा गया। करीब 15 घंटे तक चले इस आंदोलन के कारण बलवडी फाटा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बुधवार रात दो बजे से चीनी मिल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ गन्ने का भाव घोषित करने की मांग पर चर्चा शुरू हुई। हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक चीनी मिलें गन्ने की कटाई और परिवहन बंद नहीं करतीं, तब तक रोके गए वाहनों को जाने नहीं दिया जाएगा। आंदोलनकारियों ने बलवडी फाटा में ही रात बिताई। इस दौरान किसानों ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन जताया। आखिरकार गुरुवार सुबह छह बजे क्रांति चीनी मिल की ओर से गन्ना परिवहन बंद करने का आश्वासन दिया गया। कार्यकारी निदेशक दादासाहेब कोरे और निदेशक एडवोकेट सतीश चौगुले ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद रोके गए करीब 300 वाहनों को छोड़ दिया गया।
गन्ने की कटाई रोकी, बैलगाड़ियों के टायर फोड़े
सांगली जिले के वालवा तालुका में बोरगांव-वालवा सड़क पर गन्ने के भाव को लेकर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हुतात्मा किसन अहिर और राजारामबापू सहकारी चीनी मिलों के लिए होने वाली गन्ने की कटाई रुकवा दी। इस दौरान गन्ना परिवहन करने वाली 20 से 25 बैलगाड़ियों के टायर फोड़ दिए गए, जिससे इलाके में कुछ समय तक तनाव बना रहा।
इसी बीच, ईश्वरपुर एमआईडीसी क्षेत्र में बलिराजा शेतकरी संगठन ने भी गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों को रोक दिया। इसके चलते वहां भी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना गन्ना कम कीमत पर न बेचें और कुछ समय धैर्य रखें। संगठन ने भरोसा दिलाया कि इस वर्ष किसानों के गन्ने को बेहतर और उचित मूल्य दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। जिले के अलग-अलग हिस्सों में जारी आंदोलन के कारण किसानों में गन्ने की कटाई और मिलों को आपूर्ति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
आंदोलन को ग्राम पंचायत का समर्थन
मिरज तहसील के भोसे गांव में किसानों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर गांव की सीमा से गन्ने की कटाई और परिवहन नहीं होने देने का निर्णय लिया है। किसानों के अनुसार, चालू सीजन के गन्ने की पहली किस्त तय होने तक गांव से गन्ने की कटाई और ढुलाई पूरी तरह बंद रखी जाएगी। भोसे में गन्ना उत्पादक किसानों ने आंदोलन करते हुए गन्ने से भरे 100 से अधिक ट्रैक्टरों को रोककर रखा था। इस फैसले से आंदोलन को स्थानीय स्तर पर समर्थन मिलने की बात सामने आई है।
ईश्वरपुर सड़क पर 80 से अधिक ट्रैक्टर रोके
सांगली-ईश्वरपुर सड़क पर वालवा फाटा में स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हुतात्मा, राजारामबापू, सर्वोदय और डालमिया शुगर चीनी मिलों की ओर जा रहे 80 से अधिक गन्ना परिवहन ट्रैक्टरों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए गन्ने के उचित भाव की मांग को लेकर धरना आंदोलन शुरू किया। संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने बुधवार को कोल्हापुर में धरना आंदोलन की घोषणा की थी। इसके बाद वालवा तालुका में आंदोलन शुरू किया गया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक गन्ने के भाव पर निर्णय नहीं होता, तब तक चीनी मिलों का पेराई सीजन सुचारु रूप से चलने नहीं दिया जाएगा।संगठन का कहना है कि गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर पश्चिमी महाराष्ट्र में आंदोलन तेज हो रहा है और चीनी मिलों के सामने पेराई सीजन को सुचारु रूप से चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है।


















