यमुनानगर : हरियाणा में गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य (एसएपी) में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सरकार की ओर से इस बढ़ोतरी को ‘दिवाली का तोहफा’ बताए जाने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को यमुनानगर जिले के रादौर में प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी गुट) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के लिए किसान सुबह से ही रादौर की अनाज मंडी में जुटने लगे थे। हाथों में संगठन के झंडे और बैनर लेकर किसानों ने रोष मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास के पास पहुंचे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य की मांग
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि किसान लंबे समय से गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार ने केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है, जिससे किसानों में भारी असंतोष है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब खुले बाजार में चीनी की कीमत 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है, तो गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य क्यों नहीं मिल रहा है? संजू गुंदियाना के मुताबिक, खेती में इस्तेमाल होने वाले डीजल, खाद, कीटनाशक और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में गन्ने के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी किसानों की लागत के मुकाबले नाकाफी है।
प्रदेश स्तरीय महापंचायत बुलाने की तैयारी
प्रदर्शनकारी किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द गन्ने के मूल्य में संतोषजनक बढ़ोतरी नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। किसान नेताओं ने बताया कि इस मुद्दे पर जल्द ही प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
किसान नेताओं ने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में प्रदेश की शुगर मिलों का कामकाज ठप करने, खेतों में खड़ी गन्ने की फसल उखाड़ने और भाजपा के मंत्रियों व स्थानीय नेताओं के गांवों में प्रवेश का विरोध करने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। किसानों ने स्पष्ट किया कि गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी की मांग पूरी नहीं होने पर वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।


















