कोल्हापुर : बांधों में 84 टीएमसी पानी का भंडार, लेकिन वाष्पीकरण के कारण गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता को लेकर गन्ना किसानों की बढ़ी चिंता

कोल्हापुर: कोल्हापुर जिले के जलाशयों में फिलहाल 84 टीएमसी पानी शेष है, लेकिन बांधों से तेजी से हो रहे वाष्पीकरण के कारण आने वाले गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिले की कालवा सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विखे पाटिल ने कहा कि किसान नेताओं की ओर से चिंता जताए जाने के बावजूद सरकार ने गन्ने की खेती पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है। हालांकि, उन्होंने किसानों से अपील की कि वे उपलब्ध पानी के भंडार को ध्यान में रखते हुए ही फसलों का चयन करें।

मई तक पानी की आपूर्ति बनाए रखने की योजना

ChiniMandi WhatsApp Channel

मंत्री ने बताया कि, नदियों और नहरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति का रोटेशन इस तरह तय किया गया है कि मई महीने तक जलप्रवाह बना रहे। मई में समीक्षा बैठक आयोजित कर पानी के भंडार की स्थिति का आकलन किया जाएगा और जून-जुलाई के लिए जलापूर्ति की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, बांधों के ऊपरी हिस्सों से पानी उठाने पर नियंत्रण रखा जाए, ताकि निचले क्षेत्रों तक पर्याप्त पानी पहुंच सके और बैराजों में भी पानी का भंडारण सुनिश्चित हो। विखे पाटिल ने जलाशयों से तेजी से हो रहे वाष्पीकरण पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, अल नीनो का प्रभाव अगले वर्ष अगस्त तक जारी रहने की आशंका है। वहीं, मंत्री हसन मुश्रीफ ने गन्ना किसानों को पानी की खपत कम करने के लिए ड्रिप सिंचाई यानी टपक सिंचाई पद्धति अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस पद्धति से पानी की बचत होती है और इसका उपयोग अधिक प्रभावी साबित हुआ है।

कोल्हापुर की जरूरतों के अनुसार हो जल प्रबंधन

किसान नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने सुझाव दिया कि, पूरे राज्य में लागू किए गए पानी के उपयोग संबंधी प्रतिबंधों को कोल्हापुर जिले पर लागू नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, जिले की स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जल प्रबंधन किया जाना चाहिए। विखे पाटिल ने अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन शुरू करने के निर्देश भी दिए। इन हेल्पलाइन के माध्यम से किसान सिंचाई विभाग के अधीक्षक और कार्यकारी अभियंताओं से पानी की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अपनी शिकायतों का समाधान करा सकेंगे। इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से नगर क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति कम करने के आदेश के मद्देनजर स्थानीय निकायों को बैठक आयोजित कर निर्देशों के अनुरूप जल उपयोग की योजना बनाने को कहा गया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here