नई दिल्ली: भारतीय रेलवे अब 22 रेलवे प्रतिष्ठानों में प्रतिदिन इस्तेमाल होने वाली लगभग 500 किलोग्राम LPG और 2,500 लीटर डीजल की जगह पाइप के जरिए मिलने वाली प्राकृतिक गैस (PNG) का उपयोग करेगा। इसके लिए उत्तर रेलवे ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। IGL ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि, इस समझौते के तहत शुरुआत में प्रतिदिन लगभग 3,000 स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCMD) PNG की खपत होने का अनुमान है। बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ आने वाले वर्षों में यह मांग बढ़कर 8,000 से 10,000 SCMD तक पहुंचने की उम्मीद है। यह समझौता दिल्ली, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर स्थित रेलवे प्रतिष्ठानों को कवर करेगा। इसका उद्देश्य सरकार के ‘नेशनल PNG ड्राइव 3.0’ के तहत संस्थागत और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के बीच प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
पहले चरण में 22 रेलवे प्रतिष्ठानों को मिलेगी PNG
पहले चरण में 22 निर्धारित स्थानों पर PNG की आपूर्ति की जाएगी। इनमें दिल्ली सराय रोहिल्ला, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली स्थित रेलवे की यांत्रिक लॉन्ड्री शामिल हैं। इन स्थानों पर बॉयलर चलाने के लिए PNG का इस्तेमाल किया जाएगा। इस समझौते में अधिकारियों के विश्राम गृह, बेस किचन, रनिंग रूम, अधीनस्थ कर्मचारियों के विश्राम गृह तथा गार्ड और यात्रा टिकट परीक्षक (TTE) के लॉबी भी शामिल हैं। IGL के अधिकृत भौगोलिक क्षेत्रों में PNG बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ इस साझेदारी को आगे बढ़ाया जाएगा। इनमें अजमेर, बांदा, रेवाड़ी और मुजफ्फरनगर जैसे क्षेत्र भी शामिल हैं।
रेलवे के ऊर्जा खर्च में आएगी कमी
इस अवसर पर उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने कहा कि इस समझौते से भारतीय रेलवे को ऊर्जा खर्च में उल्लेखनीय कमी लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में रेलवे अस्पतालों और आवासीय कॉलोनियों तक भी PNG कनेक्टिविटी पहुंचाने की योजना है। IGL के चेयरमैन शुभंकर सेन ने कहा कि, इस साझेदारी से बड़ी मात्रा में LPG की जगह प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल संभव होगा। इससे ईंधन के आयात पर निर्भरता और उससे जुड़े सब्सिडी के बोझ को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि, यह पहल भारतीय रेलवे के पूरे नेटवर्क में LPG से PNG की ओर व्यापक बदलाव का रास्ता खोल सकती है। IGL के प्रबंध निदेशक कुमार शंकर ने इस साझेदारी को भारतीय रेलवे और सिटी गैस वितरण कंपनियों के बीच सहयोग का एक अग्रणी मॉडल बताया। इस समझौता ज्ञापन पर दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। इनमें IGL के निदेशक (वाणिज्यिक) मोहित भाटिया भी शामिल थे।इस पहल से ईंधन के रखरखाव और प्रबंधन की प्रक्रिया आसान होने, आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ने तथा रेलवे प्रतिष्ठानों में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।


















