नई दिल्ली: राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश में 31 अक्टूबर तक 152 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इन मिलों ने अब तक 105.43 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 8.45 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है। इसमें 7.20 लाख मीट्रिक टन चीनी उत्पादन के साथ महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर है।
महाराष्ट्र में फिलहाल 123 चीनी मिलों ने अपना पेराई सीजन शुरू कर दिया है। इन मिलों ने अब तक 91.14 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की है। राज्य की औसत चीनी रिकवरी 7.90 प्रतिशत दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक राज्य में केवल 2 चीनी मिलें शुरू हुई थीं।
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र के बाद गुजरात में 10 चीनी मिलों ने पेराई शुरू की है। इन मिलों ने 1.25 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 0.05 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है।गुजरात की औसत चीनी रिकवरी 4.00 प्रतिशत दर्ज की गई है। कर्नाटक में 7 चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं। इन मिलों ने अब तक 8.33 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 0.80 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया है। कर्नाटक की औसत चीनी रिकवरी 9.60 प्रतिशत है।
उत्तर प्रदेश में अब तक केवल 3 मिलें शुरू
उत्तर प्रदेश में अब तक केवल 3 चीनी मिलों ने पेराई शुरू की है। हालांकि, राज्य में गन्ने की पेराई और चीनी उत्पादन के आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हुए है। पिछले वर्ष इसी अवधि में उत्तर प्रदेश में 10 चीनी मिलें शुरू हो गई थीं। इन मिलों ने 2.50 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर 0.10 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था। इस वर्ष राज्य में अभी तक पेराई सीजन ने गति नहीं पकड़ी है। तमिलनाडु और तेलंगाना में क्रमशः 7 और 2 चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं। तमिलनाडु में अब तक 4.71 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई हुई है और 0.40 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया गया है।


















