अंतरराष्ट्रीय बाजार में टूटे चावल की कीमत 360 डॉलर प्रति टन के पार; निर्यात पर फिर लग सकती हैं पाबंदियां : IREF

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में टूटे चावल (Broken Rice) की कीमतों में तेजी, एथेनॉल निर्माताओं की बढ़ती मांग और घरेलू महंगाई के दबाव के कारण भारत से टूटे चावल के निर्यात पर फिर से प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका बढ़ गई है। भारतीय चावल निर्यातक महासंघ (IREF) ने यह चिंता व्यक्त की है। महासंघ के अनुसार, 100 प्रतिशत टूटे चावल की अंतरराष्ट्रीय कीमत कथित तौर पर 360 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन से अधिक हो गई है। इससे घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देने के लिए सरकार की ओर से हस्तक्षेप किए जाने की संभावना बढ़ गई है।

उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2 नवंबर को टूटे चावल का अखिल भारतीय औसत थोक मूल्य 3,036 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि 10 अक्टूबर को यह 2,883 रुपये प्रति क्विंटल था। इस प्रकार तीन सप्ताह से कुछ अधिक समय में कीमतों में 5.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, सितंबर 2026 में टूटे चावल का थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित सालाना महंगाई दर बढ़कर 5.38 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 4.37 प्रतिशत थी। इससे घरेलू बाजार में कीमतों का दबाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एथेनॉल उद्योग में बढ़ती मांग से उपलब्धता पर दबाव

भारतीय चावल निर्यातक महासंघ के महानिदेशक विनोद कौल ने कहा, टूटे चावल की कीमत 360 डॉलर प्रति टन से अधिक होना गंभीर चिंता का विषय है। टूटे चावल अब एथेनॉल उत्पादन, पोल्ट्री फीड और कई अन्य उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण औद्योगिक कच्चा माल बन गया है। उन्होंने आगे कहा कि, घरेलू उद्योगों और निर्यात बाजारों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से उपलब्धता और कीमतों पर दबाव पड़ रहा है। यदि यही स्थिति जारी रहती है, तो टूटे चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

IREF ने बताया कि, टूटे चावल की मांग बढ़ने का एक प्रमुख कारण देश में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का विस्तार है। इसके चलते टूटे चावल, मक्का और भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा जारी किए जाने वाले अधिशेष चावल सहित अनाज आधारित कच्चे माल की मांग बढ़ी है। सरकार ने एथेनॉल उत्पादन के लिए FCI के अधिशेष चावल के उपयोग की अनुमति दी है। हालांकि, निजी डिस्टिलरी भी खुले बाजार से कच्चा माल खरीदती हैं। इससे उन्हें पोल्ट्री फीड निर्माताओं और निर्यातकों के साथ प्रतिस्पर्धा करनी पड़ रही है। महासंघ के अनुसार, टूटे चावल की कीमतों में वृद्धि से इन सभी उद्योगों की उत्पादन लागत बढ़ सकती है और इसका व्यापक महंगाई पर भी असर पड़ सकता है।

पहले भी टूटे चावल के निर्यात पर लग चुका है प्रतिबंध

सितंबर 2022 में घरेलू उपलब्धता और मांग को लेकर चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने टूटे चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। यह प्रतिबंध 7 मार्च 2025 तक लागू रहा। इसके बाद टूटे चावल के निर्यात को फिर से मुक्त श्रेणी में शामिल कर दिया गया था। हालांकि, भारत में कुल चावल की उपलब्धता की स्थिति फिलहाल संतोषजनक है। वर्ष 2025-26 में चावल का रिकॉर्ड उत्पादन 154.02 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जबकि पिछले वर्ष यह उत्पादन 150.18 मिलियन टन था। इसके बावजूद IREF ने आगाह किया है कि कुल चावल उत्पादन में वृद्धि का अर्थ यह नहीं है कि 100 प्रतिशत टूटे चावल की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित हो गई है। वर्ष 2025-26 के दौरान भारत ने लगभग 21.57 मिलियन टन चावल का निर्यात किया और दुनिया के सबसे बड़े चावल निर्यातक के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखी।

निर्यातकों को सावधानी बरतने की सलाह

विनोद कौल ने कहा कि, घरेलू बाजार में कीमतों की स्थिरता बनाए रखना और एथेनॉल उत्पादन के लिए पर्याप्त कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे हैं। IREF ने निर्यातकों को भविष्य के लिए किए जाने वाले निर्यात अनुबंधों (Forward Contracts) में सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही घरेलू कीमतों, मिलों में चावल की आवक और इथेनॉल उद्योग की मांग पर लगातार नजर रखने का सुझाव दिया है। महासंघ ने सरकार से यह भी आग्रह किया है कि, निर्यात पर किसी भी तरह का प्रतिबंध लगाने से पहले उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के साथ विचार-विमर्श किया जाए। इसके अलावा, पहले से किए गए अनुबंधों, लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) और प्रतिबद्ध निर्यात खेपों के लिए उचित समय और आवश्यक संक्रमण व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

Bioenergy Times

1 COMMENT

  1. सही है.. रोक लगा नेही चाहिए… सामान्य लोग क्या खाएंगे जब चावल, दाल, तेल , शक्कर के भाव बढेंगे तो… जो चावल पिछले महिने 50/ 60 रुपये kg milate the आज उसका भाव 80/90 रुपये चल रहा है… अगर isi तरह mahangai बढती जाएगी तो सामान्य लोग भी रस्ते पर उतर आएंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here