चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व स्पेशल चीफ सेक्रेटरी केबीएस सिद्धू ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर देशभर की डिस्टिलरियों को एथेनॉल का समान और न्यायसंगत आवंटन करने की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से पंजाब और हरियाणा में हाल ही में स्थापित डिस्टिलरी इकाइयों को उचित अवसर देने पर जोर दिया है। यह मांग एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 के लिए आवंटन व्यवस्था को लेकर उठी चिंताओं के बीच की गई है। 5दरिया न्यूज ने यह जानकारी दी है।
पेट्रोल में एथेनॉल के बढ़ते उपयोग का स्वागत करते हुए सिद्धू ने कहा कि, इस कार्यक्रम से पर्यावरण को लाभ मिला है, विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और गन्ना, मक्का तथा धान उगाने वाले किसानों को भी समर्थन मिला है। हालांकि, उन्होंने देश की एथेनॉल उत्पादन क्षमता और तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की वास्तविक मांग के बीच अंतर को लेकर चिंता जताई।
भारत ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल कर लिया है और देश की वार्षिक एथेनॉल उत्पादन क्षमता करीब 2,000 करोड़ लीटर तक पहुंच गई है। वहीं, 1 नवंबर से शुरू हुए एथेनॉल आपूर्ति वर्ष के लिए OMCs को लगभग 1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल की आवश्यकता है। ऐसे में डिस्टिलरियों के लिए खरीद आदेशों का आवंटन एक महत्वपूर्ण मुद्दा बन गया है।
नई निविदा व्यवस्था के तहत, दीर्घकालिक एथेनॉल खरीद समझौते वाली इकाइयों को उनके अनुबंधित मात्रा के लिए प्राथमिकता दी जाती है। इसके अलावा, उन्हें अपनी पूरी स्थापित उत्पादन क्षमता तक आवंटन में भी वरीयता मिलती है। इसके बाद बची हुई मांग के लिए अन्य डिस्टिलरियों को प्रतिस्पर्धा करनी पड़ती है।
केबीएस सिद्धू ने बताया कि, पिछले वर्ष ऐसे दीर्घकालिक समझौतों के बिना काम कर रही कुछ अनाज आधारित डिस्टिलरियों को उनके द्वारा प्रस्तावित मात्रा का केवल 19 प्रतिशत ही आवंटित किया गया था। उन्होंने कहा कि, अब कई इकाइयों के सामने अपनी कुल क्षमता के बहुत कम हिस्से पर संचालन करने की स्थिति बन सकती है। इससे उनके लिए बैंक ऋण की किस्तों और अन्य वित्तीय दायित्वों का भुगतान करना मुश्किल हो जाएगा। अनुबंधित मात्रा से आगे भी कुछ डिस्टिलरियों को दी जा रही प्राथमिकता का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले की सुनवाई नवंबर में फिर से शुरू होने वाली है।
केबीएस सिद्धू ने बताया कि, तेल कंपनियों ने अदालत में दलील दी थी कि दीर्घकालिक खरीद समझौतों में केवल सर्वोत्तम प्रयास करने की प्रतिबद्धता होती है। वहीं, अटॉर्नी जनरल ने अदालत को निष्पक्ष और समान आवंटन का आश्वासन दिया था। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, तब नई निविदा में अतिरिक्त प्राथमिकता के प्रावधान किस आधार पर शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि, पंजाब और हरियाणा में कई डिस्टिलरियों की स्थापना केंद्र सरकार के प्रोत्साहन से की गई थी। इन इकाइयों को ब्याज सब्सिडी योजनाओं और ऐसी मंजूरियों के माध्यम से बढ़ावा दिया गया था, जिनके तहत उन्हें अपना उत्पादन केवल एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के लिए बेचने की अनुमति थी।
सिद्धू ने कहा कि, ये इकाइयां ग्रामीण रोजगार सृजन और मक्का के लिए बाजार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे किसानों को धान की खेती से हटकर मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों की ओर बढ़ने में मदद मिल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि डिस्टिलरियों को लागत से कम कीमत पर बेचे जाने वाले भारतीय खाद्य निगम (FCI) के चावल का बड़ा हिस्सा पंजाब में ही उगाया जाता है। इसके बावजूद राज्य की डिस्टिलरियों के बंद पड़े रहने का खतरा बना हुआ है।
अपने पत्र में केबीएस सिद्धू ने मांग की कि सामान्य मूल्य क्रम के तहत डिस्टिलरियों के अनुबंधित एथेनॉल आवंटन का सम्मान किया जाए। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने तक कुछ इकाइयों को उनकी पूरी स्थापित क्षमता तक अतिरिक्त प्राथमिकता देने के प्रावधान पर रोक लगाई जाए। उन्होंने सभी पात्र डिस्टिलरियों के लिए न्यूनतम समान क्षमता उपयोग स्तर तय करने की भी मांग की।
इसके अलावा, उन्होंने सब्सिडी वाले FCI चावल का पारदर्शी और आनुपातिक आवंटन सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने सभी आपूर्तिकर्ताओं, तेल विपणन कंपनियों तथा पंजाब और हरियाणा सरकारों को शामिल करते हुए बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रस्ताव भी रखा। सिद्धू ने कहा कि, सरकारी नीतियों पर भरोसा करके और सद्भावना के साथ निवेश करने वाले उद्यमियों को एथेनॉल कार्यक्रम की सफलता की कीमत नहीं चुकानी चाहिए।


















