नई दिल्ली: मानसून की कमी के कारण मक्का और गन्ने का उत्पादन प्रभावित होने से भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को झटका लगने की आशंका है। द इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार सरकार अब जैव ईंधन उत्पादन की तुलना में खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके चलते 2026-27 के आपूर्ति वर्ष में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का स्तर निर्धारित 20 प्रतिशत के लक्ष्य से नीचे रह सकता है।
कृषि व्यवसाय कंपनी केएन एग्री रिसोर्सेज के चेयरमैन और खाद्य नीति विशेषज्ञ जी.के. सूद के अनुसार, चालू आपूर्ति वर्ष में पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण घटकर करीब 15 प्रतिशत रह सकता है। वहीं, चार एथेनॉल उत्पादकों ने भी मिश्रण का स्तर 15 से 17 प्रतिशत के बीच रहने की आशंका जताई है। इसका स्तर काफी हद तक मक्के की कीमतों पर निर्भर करेगा। यह जानकारी रॉयटर्स की रिपोर्ट में दी गई है।


















