कलबुर्गी : कलबुर्गी जिले में मंगलवार को कर्नाटक राज्य रायथा संघ और हसिरु सेना के सदस्यों ने चिंचोली स्थित सिद्धसिरी एथेनॉल एंड पावर फैक्ट्री को गन्ने की पेराई शुरू करने की अनुमति देने की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में चिंचोली और कलगी तालुक के किसान शामिल हुए। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारी किसानों ने सड़क पर धरना दिया और कई घंटों तक रास्ता जाम रखा। इसके कारण क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।
किसान नेता अप्पाराव देविमुत्या सहित अन्य नेताओं ने बताया कि, दोनों तालुकों के हजारों किसानों ने 25 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में गन्ने की खेती की है। किसानों ने अपनी फसल की बिक्री के लिए इस फैक्ट्री पर भरोसा किया है। किसान नेताओं ने बताया कि, केंद्र सरकार ने नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 की अवधि के लिए एथेनॉल उत्पादन में गन्ने के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि फैक्ट्री को गन्ने की पेराई की अनुमति नहीं दी गई, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसान नेताओं का कहना है कि, जो चीनी मिलें चीनी और एथेनॉल दोनों का उत्पादन करती हैं, वे फिलहाल एथेनॉल उत्पादन बंद करके चीनी का उत्पादन जारी रख सकती हैं। लेकिन चिंचोली स्थित इकाई केवल एथेनॉल का उत्पादन करती है। ऐसे में उसके पास उत्पादन जारी रखने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। किसान नेताओं ने कहा, ऐसी स्थिति में फैक्ट्री को एथेनॉल उत्पादन की अनुमति देने से इनकार करना उचित नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से फैक्ट्री को जल्द परिचालन शुरू करने की अनुमति देने की मांग की, ताकि क्षेत्र में किसानों द्वारा उगाए गए गन्ने की पेराई हो सके।


















