नागपुर : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि, राज्य में गंभीर सूखे की स्थिति को देखते हुए सभी मंत्रियों ने किसानों के साथ गांवों में दिवाली मनाने का फैसला किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए फडणवीस ने कहा कि, इस पहल का उद्देश्य किसानों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें यह भरोसा दिलाना है कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सूखे से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता देने का भी आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “महाराष्ट्र इस समय गंभीर सूखे का सामना कर रहा है और हमारे किसान बड़े संकट से गुजर रहे हैं। इसी वजह से हम सभी मंत्रियों ने इस बार दिवाली किसी गांव में किसानों के बीच मनाने का फैसला किया है। ”उन्होंने आगे कहा, “हम किसानों के साथ बैठकर उनसे बातचीत करना चाहते हैं। इसके जरिए हमारा उद्देश्य उनका मनोबल बढ़ाना है, क्योंकि सूखा एक ऐसी चुनौती है जिसका हमें मिलकर सामना करना होगा।”
फडणवीस ने स्वीकार किया कि सूखे का तत्काल कोई समाधान नहीं है, लेकिन उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा, “सूखे का कोई तत्काल या तुरंत समाधान नहीं है, लेकिन सरकार किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। इसके साथ ही हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनका मनोबल ऊंचा बना रहे। किसान यह महसूस करें कि सरकार उनके साथ खड़ी है। इसी उद्देश्य से हमने यह निर्णय लिया है।”
इस बीच, 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि राज्य के करीब 1.50 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये की अग्रिम सूखा राहत राशि एक सप्ताह के भीतर जमा की जाए। राज्य सरकार ने इस राहत राशि के वितरण के लिए कुल 7,500 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। इसका उद्देश्य सूखे की स्थिति से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। फडणवीस ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया था कि बैंक राहत राशि में से किसी भी प्रकार की कटौती न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहायता की पूरी राशि बिना किसी कटौती के सीधे लाभार्थी किसानों तक पहुंचनी चाहिए।


















